जनसुनवाई में सुनी गई आमजन की समस्यायें
64 आवेदक पहुंचे अपनी समस्याओ को लेकर
प्रत्येक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई की कड़ी में आज 12 अप्रैल 2022 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल नायक ने अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ अपनी समस्यायें लेकर आये आवेदकों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र निराकरण करने के दिये । आज की जनसुनवाई में कुल 64 आवेदक अपनी समस्यायें एवं शिकायतें लेकर आये थे।
जनसुनवाई में लालबर्रा तहसील के ग्राम बुट्टा हजारी की प्रमिला लिल्हारे शिकायत लेकर आयी थी कि प्रधानमंत्री आवास योजना में उसे आवास स्वीकृत किया गया है। उसके आवास का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है और 25 हजार रुपये की प्रथम किश्त भी मिल गई है। ग्राम के ही शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य द्वारा उसके मकान निर्माण में बाधा डाली जा रही है और कहा जा रहा है कि जिस भूमि पर मकान बन रहा है वह मंदिर की है। जबकि मकान की भूमि 100 वर्ष से अधिक समय से हमारे कब्जे में है। मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य द्वारा लगाये जा रहे अवरोध के कारण उसे मकान की दूसरी किश्त जारी नहीं की जा रही है। अत: उसे न्याय दिलाया जाये और मकान निर्माण के लिए दूसरी किश्त की राशि जारी कराई जाये। इसी प्रकरण में मंदिर समिति के सदस्य शिकायत लेकर आये थे कि प्रमिला लिल्हारे द्वारा मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण कर मकान बनाया जा रहा है और तहसीलदार लालबर्रा द्वारा स्थगन दिया गया है। जिसके बाद भी मकान का काम चालू है।
बिरसा विकासखंड की ग्राम पंचायत बीजाटोला के अंतर्गत ग्राम टिंगाटोला के ग्रामीण शिकायत लेकर आये थे कि उनके गांव की नल-जल योजना का कार्य ठेकेदार द्वारा अधूरा किया गया है।पाईप लाईन कनेक्शन का कार्य सहीं ढंग से नहीं किया गया है और पानी की सप्लाई भी चालू नहीं की गई है और अभी से पाईप कनेक्शन टूट गये है। जिसके कारण गांव में पीने के पानी की समस्या गहराने लगी है। अत: इस योजना के कार्य को पूर्ण कर पानी की सप्लाई शीघ्र प्रारंभ की जाये। बालाघाट विकासखंड के ग्राम देवरी का योगेन्द्र चौधरी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग लेकर आया था। वार्ड नंबर-01 शास्त्री वार्ड वारासिवनी की शिल्पा भगत नजूल भूमि का पट्टा दिलाने एवं प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग लेकर आयी थी।
जनसुनवाई में कटंगी तहसील के ग्राम पाथरवाड़ा की नेहा शर्मा शिकायत लेकर आयी थी कि उसके द्वारा पोस्ट आफिस से आरडी की एजेंसी के लिए 10 मार्च 2022 को आवेदन किया गया है। लेकिन उसे अब तक एजेंसी नहीं दी गई है। अत: उसे शीघ्र ही पोस्ट आफिस की आरडी जमा करने की एजेंसी दी जाये। वार्ड नंबर-10 बालाघाट की सुनीता सोनी एवं वार्ड नंबर-11 भटेरा रोड की श्यामा नागोसे शिकायत लेकर आयी थी कि उनका संबल योजना में कार्ड बना हुआ है। उनके पुत्रों का वर्ष 2019 में निधन हो गया है। लेकिन अब तक उन्हें संबंल योजना में अनुग्रह राशि नहीं मिली है।
बैहर थाना के अंतर्गत ग्राम झांगुल की अनुराधा यादव शिकायत लेकर आयी थी कि उसके पति यशवंत यादव की 27 फरवरी 2022 को जंगल में फांसी के फंदे से लटकने के कारण मृत्यु होना बताया जा रहा है। जबकि उसके पति को गांव के ही अशोक तिल्लासी द्वारा मारकर फांसी पर लटकाया गया है। उसके द्वारा 08 मार्च 2022 को पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर दोषियों पर कार्यवाही करने का निवेदन किया गया है। लेकिन आज तक पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई है। अत: उसे न्याय दिलाया जाये और उसके पति के हत्यारों पर कार्यवाही की जाये।
जनसुनवाई में खैरलांजी विकासखंड के ग्राम झिरिया का मानिकचंद कावड़े शिकायत लेकर आया था कि उनकी पंचायत के ग्राम रोजगार सहायक एवं सचिव द्वारा अपात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जा रहा है। गांव के बड़े पटेल लोग जिनके पहले से पक्के मकान बने हैं, उन्हें इस योजना में लाभ दिया जा रहा है। जबकि पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। वारासिवनी विकासखंड की ग्राम पंचायत उमरवाड़ा के उप सरपंच सी एल टेंभरे शिकायत लेकर आये थे कि उनके गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पानी टंकी निर्माण एवं अन्य कार्य कराये गये है। लेकिन कार्य अपूर्ण होने के कारण भीषण गर्मी के दिनों में भी नल-जल योजना से पीने का पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। बालाघाट तहसील के ग्राम तिलपेवाड़ा की श्यामबती कनसरे बीपीएल राशन कार्ड बनाने की मांग लेकर आया थी। उसका कहना था कि वर्ष 2015 में उसका तलाक हो गया है। अत: उसे परित्यक्ता पेंशन भी दिलायी जाये।


Please do not enter any spam link in the comment box.