
भोपाल : वनमंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह ने होशंगाबाद जिले के नीम धाम कैम्प में तेन्दुए से घायल हुए एक श्रमिक के परिवार को तत्काल 20 हजार रूपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। वन मंत्री ने दूरभाष पर घायल श्रमिक की कुशलक्षेम पूछी और अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपचार अवधि में श्रमिक की मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। वन मंत्री ने कहा कि घायल श्रमिक के उपचार का खर्चा शासन द्वारा वहन किया जायेगा।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक श्री एल.कृष्णमूर्ति ने बताया कि 6-7 जनवरी की दरम्यानी रात नीम धाम कैम्प में पास के ग्रामों से काम के लिए आए मजदूर सो रहे थे। तकरीबन रात साढ़े बारह बजे एक तेन्दुए ने श्रमिक संजू पिता महेश भोपा की नाक के पास काट लिया। श्रमिक संजू श्रमिक संदीप को बचाने गए सिंह को भी तेन्दुए ने घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय कर्मचारियों ने घायल श्रमिक संदीप को पिपरिया अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया। उपचार उपरांत जिला अस्पताल होशंगाबाद रेफर कर दिया गया है।

Please do not enter any spam link in the comment box.