- कमलनाथ दादाजी धूनी वाले बाबा की शरण में
- शिवराज 20 को पन्ना में करेंगे धार्मिक दौरा
भोपाल । त्योहारी मौसम में हो रहे उपचुनाव में धर्म का तड़का भी लगाया जा रहा है। वहीं प्रचार के साथ-साथ नेताओं की मंदिर दौड़ भी शुरू हो गई है। जहां प्रत्याशी रोजाना पूजा-पाठ करके चुनाव प्रचार के लिए घर से निकल रहे हैं, वहीं भाजपा और कांग्रेस के नेता प्रचार से पहले मंदिर में माथा टेक रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ मंगलवार को खंडवा में दादाजी धूनी वाले बाबा का आर्शीवाद लेकर चुनाव प्रचार में उतरे हैं। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 अक्टूबर को पन्ना में धार्मिक दौरा करेंगे।
प्रदेश में एक लोकसभा खंडवा और तीन विधानसभा रैगांव, जोबट, पृथ्वीपुर सीट पर उपचुनाव होना है। तय कार्यक्रम के मुताबिक 30 अक्टूबर को मतदान होगा जबकि 2 नवंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियां इस उपचुनाव में अपना पूरा दम लगा रही हैं। साथ ही नेता जनता से आशीर्वाद लेने से पहले भगवान का आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं। जाहिर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ तक मंदिर से लेकर आश्रमों तक दौड़ लगा रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मंदिर दौड़ में पीछे नहीं हैं। शर्मा ने पार्टी के चुनाव प्रचार का आगाज ही बाबा महाकाल के दर्शन के साथ किया था। अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पन्ना में धार्मिक दौरा करेंगे। दूसरी तरफ पीसीसी चीफ कमलनाथ के चुनाव प्रचार का आगाज भी खंडवा में एक आश्रम से होगा।
कमलनाथ ने किया चुनाव प्रचार का आगाज
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मंगलवार से चुनाव प्रचार का आगाज किया। खंडवा से अपने चुनाव प्रचार का आगाज करने से पहले उन्होंने दादाजी धूनी वाले बाबा के आश्रम में दर्शन किया। उसके बाद प्रबुद्धजनों से चर्चा की और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर प्रचार का जायजा लिया।
सीएम का धार्मिक दौरा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उपचुनाव के बीच धार्मिक दौरा करेंगे। उनका दौरा 20 अक्टूबर को पन्ना में होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पन्ना में प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी जाएंगे। सीएम का बलदाऊ जू, किशोर जू, राम जानकी जू, जगन्नाथ स्वामी जू के दर्शन करने का कार्यक्रम है। इसके साथ ही वो प्राणनाथ मंदिर पहुंचकर शरद पूर्णिमा महोत्सव में भी शामिल होंगे।
Please do not enter any spam link in the comment box.