भोपाल : लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने मंत्रालय से वीडियो कॉल के माध्यम से झाबुआ और राजगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों से संवाद किया। उन्होंने मरीजों से चर्चा कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

राजगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती मरीज श्रीमती रुद्रश्रोता सोनी ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी को बताया कि उन्हे अस्पताल से दवाई, निःशुल्क मिल रही है। नाश्ता एवं भोजन भी अस्पताल में समय पर मिल रहा है। सभी सुविधायें निःशुल्क दी जा रही है। एक अन्य मरीज सलमाग ने बताया गया कि वे मंगलवार को जननी एक्सप्रेस से अस्पताल आई और अस्पताल में भर्ती हुई। ऑपरेशन से डिलेवरी हुई। अस्पताल से भोजन एवं दवाइयाँ समय पर मिल रही है। सर्जीकल वार्ड में भर्ती मरीज विशाल ने बताया कि एक्सीडेन्ट में घायल होने पर उनको अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। पिछले पाँच दिन से भर्ती है। दवाई के कोई पैसे नहीं लग रहे।

झाबुआ जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीज टेटिया ने कहा कि उनको पथरी की तकलीफ थी। ऑपरेशन से पथरी निकाली गई। अब वह स्वस्थ है। अस्पताल से दवाई, भोजन मुफ्त मिल रहा है। ऑपरेशन का भी कोई पैसा नहीं लगा। डेंगू होने पर अस्पताल में भर्ती हुई कु. भावना ने बताया कि वह अब स्वस्थ है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने राजगढ़ और झाबुआ जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों और सिविल सर्जन्स से डेंगू की रोकथाम के प्रभावी क्रियान्वयन एव कोविड-19 टीकाकरण के संबंध में निर्देश दिए।