चिटफंड कंपनी के खिलाफ FIR:भोपाल में 4 साल पहले भाग चुके ग्रीनलैंड शेल्टर्स कंपनी के संचालक पर केस; अब तक 6 से ज्यादा पीड़ित आए सामने
- पहले आवेदन की जांच की गई, अब मामले की जांच होगी
- साढ़े चार लाख रुपए में 800 वर्ग फीट का प्लॉट देना था
- एमपी नगर थाना क्षेत्र में चिटफंड ग्रीनलैंड शेल्टर्स कंपनी संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने कंपनी के संचालक अरविंद बंजारी को आरोपी बनाया है। हालांकि बंजारी करीब 4 साल पहले कंपनी के ऑफिस में ताला लगाकर फरार हो चुका है।
पुलिस ने पहले आवेदन की जांच कर मामला दर्ज किया। अब मामले की जांच करने की बात की जा रही है। आरोपी लोगों को प्लाॅट देने के नाम पर लाखों रुपए लेकर फरार हो चुका है। इस मामले में अब तक उसके शिकार 6 से ज्यादा लोग सामने आ चुके हैं।
एमपी नगर टीआई सूर्यकांत अवस्थी ने बताया, फरियादी शेरसिंह परिहार ने वर्ष 2014 में ग्रीनलैंड शेल्टर्स कंपनी से 4.40 लाख में प्लॉट बुक किया था। यह प्लाॅट ग्राम उमरिया तहसील गौहरगंज जिला रायसेन में ग्रीन लाइव ट्विन सिटी नाम से विकसित कॉलोनी में 800 फीट का था। शेरसिंह ने इसके लिए 3.40 लाख रुपए किस्तों में दिए थे।
उनके बीच विक्रय अनुबंध भी हुआ था। कंपनी के डायरेक्टर अरविंद बंजारी थे। शेरसिंह की शिकायत पर पुलिस ने जांच की, तो पता चला कि आरोपी अरविंद का एमपी नगर में ग्रीनलैंड शेल्टर्स नाम से ऑफिस था। वह 2016 में ही ऑफिस बंद कर फरार हो चुका है। पुलिस ने शेरसिंह परिहार की शिकायत की जांच के बाद अरविंद बंजारी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज की है।
जांच के दौरान पता चला, 6 से अधिक लोगों की भी यही शिकायत है। अब पुलिस उनके नाम भी इस मामले में जोड़ रही है। टीआई अवस्थी ने बताया, जांच के बाद ही पता चलेगा कि बंजारी कहां का रहने वाला था और किस तरह से फर्जीवाड़ा कर रहा था। यह चिटफंड कंपनी द्वारा किए जाने वाला फर्जीवाड़ा है। अभियान के तहत ऐसी कंपनियों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
Source-https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/bhopal-chit-fund-case-fir-on-greenland-shelters-company-owner-arvind-banjari-128150518.html
Please do not enter any spam link in the comment box.