किसान आंदोलन:भोपाल में भी 26 जनवरी पर ट्रैक्टर-बाइक परेड; अखिल भारतीय क्रांतिकारी किसान सभा आज से धरने पर बैठा
- संघ के संयोजक बोले- दिल्ली के निर्देश पर प्रदर्शन को आगे बढ़ाया जाएगा
- दिल्ली की सीमाओं पर डटे किसानों का आंदोलन अब भोपाल तक पहुंच गया है। किसानों के समर्थन में भोपाल की करोंद कृषि उपज मंडी के सामने अखिल भारतीय क्रांतिकारी किसान सभा के बैनतर तले किसान धरने पर बैठ गए हैं। इसके साथ ही अब 26 जनवरी को दिल्ली की ही तर्ज पर ट्रैक्टर कम बाइक परेड का आयोजन किए जाने की रणनीति तैयार की जा रही है। आज शाम संगठनों के बीच एक बैठक होगी। उसके बाद आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।
यह बात मध्य प्रदेश के संयोजक विजय कुमार ने दैनिक भास्कर को बताई। उन्होंने कहा कि धरने पर सीहोर, विदिशा, रायसेन और भोपाल संभाग के किसान संगठन आज से अपना अनिश्चित कालीन विरोध प्रदर्शन शुरू कर रहे हैं। टीम 21 जनवरी की रात से ही यहां पर आ गई थी। किसानों के समर्थन में संगठन द्वारा यह प्रदर्शन आज से शुरू किया जा रहा है। प्रदर्शन की पूरी रूपरेखा दिल्ली के किसान संगठनों द्वारा आने वाले निर्देश के अनुसार तैयार की जाएगी।
आंदोलन कृषि कानून के वापस लेने तक चलता रहेगा
संयोजक विजय कुमार ने कहा कि इन तीनों किसान विरोधी कानूनों को पूर्णतः रद्द किया जाए। किसानों ने साबित कर दिया है कि इस ठंड में वे सिंधु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर, गाजीपुर बॉर्डर या अन्य स्थानों पर किसी दिखावटी बदलाव के लिए नहीं बैठे हैं। हमारा प्रदर्शन किसानों के समर्थन में तब तक चलता रहेगा, जब तक किसान विरोधी तीनों कानून वापस नहीं लिए जाते। संयुक्त किसान मोर्चा के इरफान जाफरी ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा व आंदोलन में शामिल तमाम संगठनों ने इन क़ानूनों को तत्काल रद्द करने की मांग की है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो यह आंदोलन और व्यापक होगा।
दिल्ली में किसानों के आंदोलन की तरह ही मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इस अभियान की शुरुआत आज से की जा रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में किसान 26 जनवरी को ट्रैक्टर की परेड निकालेंगे। उसी तर्ज पर भोपाल में भी इसी तरह की परेड का आयोजन किया जाने को लेकर विचार किया जा रहा है। इस पर ट्रैक्टरों के साथ बड़ी संख्या में बाइक भी शामिल रहेंगी। बाइक की संख्या अधिक रहेगी। अभी परेड के रिंग रोड पर ही निकालने पर चर्चा हुई है। शहर के अंदर ऐसे नहीं ले जाएंगे, लेकिन हमारा प्रदर्शन आज से शुरू हो रहा है।
Source-https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/kisan-andolan-madhya-pradesh-update-tractory-bike-prade-in-bhopal-on-26th-january-128150578.html
Please do not enter any spam link in the comment box.