दोस्ती में धोखा:भोपाल में 21 साल की लड़की की ऑनलाइन दोस्ती; 22 साल के लड़के ने घर बुलाकर किया दुष्कर्म, ब्लैकमेल करने के लिए वीडियो भी बनाए
- दुष्कर्म के वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा
- भोपाल में 21 साल की लड़की से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की पहचान आरोपी से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। इसके बाद लड़के के बुलाने पर उसके घर पहुंची पीड़िता से दुष्कर्म करने के बाद आरोपी ने उसके वीडियो और फोटो बना लिए। आरोपी ने दुष्कर्म की बात किसी को बताने पर वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था। इसी से परेशान होकर लड़की ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कराई। हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
हनुमानगंज पुलिस के अनुसार 21 वर्षीय लड़की दसवीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुकी है। उसने बताया कि पिछले साल उसकी उसकी पहचान इब्राहिमगंज निवासी 22 साल के जीतू अहिरवार से हुई थी। जीतू टेलरिंग का काम करता है। सोशल मीडिया पर दोस्ती होने के बाद दोनों की फोन पर बातचीत होने लगी थी।
इसी दौरान जीतू ने 13 सितंबर को उसे अपने घर इब्राहिमगंज बुलाया। घर पहुंचने पर पता चला कि वह तो घर पर अकेला है। उसने शादी करने का प्रस्ताव रखते हुए जबरन शारीरिक संबंध बनाए। मना करने पर उसने वीडियो और फोटो भी ले लिए। दुष्कर्म के बाद उसने धमकाते हुए कहा कि अगर इस बारे में उसने किसी को बताया तो वह उसके वीडियो और फोटो वायरल कर देगा।
वह किसी को मुंह दिखाने के लायक नहीं रहेगी। पीड़िता ने बताया कि वह पैसों की भी डिमांड करने लगा था और उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इतना ही नही उसने जान से मारने की धमकी भी दी। इसी से परेशान होकर उसने उसके खिलाफ शिकायत करने की हिम्मत जुटाई।
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी
हनुमानगंज पुलिस के अनुसार पीड़िता ने आरोपी जीतू के खिलाफ कल देर रात 12:30 बजे FIR दर्ज कराई है। इसमें दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में जीतू को आरोपी बनाया गया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस की माने तो उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source-https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/21-year-old-girl-befriended-online-in-bhopal-22-year-old-boy-raped-by-calling-home-made-videos-of-defamatiobhopal-21-year-old-girl-raped-used-recorded-video-to-blackmail-her-128150484.html
Please do not enter any spam link in the comment box.