जिला में कोरोना के बढते आंकड़े को देखकर स्वास्थ्य विभाग ने चिंता जताई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो अब 15 सितंबर से जिला में कोरोना का पीक सीजन शुरू हो जाएगा। ऐसे में अनुमान लगाया जा सकता है कि पीक सीजन में भारी संख्या में रोजाना कोरोना के केस बढ़ेंगे। इतना ही नहीं इसमें मौत का भी आंकड़ा बढ़ सकता है। सीएमओ सुरेंद्र नैन ने बताया जिस प्रकार से लोग कोविड-19 के नियमों की धज्जियां उड़ाकर बाहर घूम रहे हैं। यही कारण है कि जिला में कोरोना लगातार बढ़ रहा है।
अगस्त माह में 1033 नए केस सामने आए थे। जबकि इससे पहले मार्च से लेकर 31 जुलाई तक कुल केस मात्र 400 के करीब थे। अगस्त माह में लापरवाही की वजह से ढाई गुणा केस बढ़े हैं। अब 15 सितंबर के बाद पीक सीजन शुरू हो जाएगा। ऐसे में अनुमान है कि सिरसा जिला में 30 सितंबर तक कोरोना 3 हजार की संख्या पार कर जाएगा। यानि अगस्त माह के मुकाबले सितंबर में कोरोना का आंकड़ा सीधा डबल जा सकता है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है।
कोरोना को कंट्रोल करने के लिए जहां स्वास्थ्य विभाग ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। वहीं लोगों ने जांच में सहयोग करना बंद कर दिया है। गुरुवार को शहर में एक ऐसा ही मामला सामने आया। शहर के सूरतगढिय़ां बाजार में लोगों ने विभाग की टीम का विरोध करते हुए कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल देने से इंकार कर दिया और टीम के साथ बहसबाजी भी की। बता दे कि दो दिन पहले सूरतगढिय़ा बाजार में ग्रोवर स्कूल के पास एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला था। गुरुवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम सूरतगढिय़ा बाजार में अन्य लोगों के सैंपल लेने गई थी।
टीम में शामिल चिकित्सक-नर्स स्कूल के पास बैठ गए और लोगों से कहा कि वे अपना-अपना सैंपल दे ताकि जांच करवाई जा सके कि किसी अन्य व्यक्ति में तो कोरोना का संक्रमण नहीं है। टीम सदस्य दो घंटे तक वहां बैठे रहे, लेकिन कोई भी व्यक्ति सैंपल देने को तैयार नहीं हुआ। एक महिला ने तो यहां तक कह दिया कि वह सैंपल नहीं देगी क्योंकि वह पूरी तरह से स्वस्थ है। महिला ने कहा कि जिसे मर्जी शिकायत कर दो, पुलिस बुला लो, लेकिन वह सैंपल नहीं देगी। दूसरे लोगों ने भी स्वास्थ्य विभाग की टीम का विरोध किया और सैंपल देने से इनकार कर दिया।
टीम ने विरोध देखकर कंट्रोल रूम में काॅल करके बुलाई पुलिस
सूरतगढिया बाजार में जब कोरोना जांच में लोगों की ओर से बहसबाजी करने और जांच में सहयोग नहीं करने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल करके विरोध की सूचना दी। । सूचना पर पुलिस पीसीआर मौके पर पहुंची। उधर शहर थाना सिरसा से भी पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने लोगों को समझाया कि कोरोना जांच के लिए सैंपल देने कोई बुरी बात नहीं है। इससे पता चल जाएगा कि किसी दूसरे व्यक्ति में तो कोरोना के लक्षण नहीं है काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस के समझाने पर एक- एक-दो-दो व्यक्तियों ने सैंपल दिए। टीम वहां दो घंटे तक इंतजार करती रही मगर कोई सैंपल देने के लिए तैयार नहीं हुआ।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from KAPS Krishna Pandit

Please do not enter any spam link in the comment box.