हॉकी में सूरमा के रूप में विख्यात एवं प्रदेश के खेल मंत्री संदीप सिंह ने कहा है कि सोनीपत को हॉकी में राष्ट्रीय स्तर का हब बनाया जाएगा। सोनीपत में हॉकी को लेकर ऐसी कोई समस्या नहीं होगी, जिससे कभी भी किसी भी खिलाड़ी को कोई परेशानी हो। जिले में नए एस्ट्रोटर्फ से लेकर खिलाड़ियों को कैश अवाॅर्ड संबंधित किसी भी समस्या का समाधान किया जाएगा।
खेल मंत्री सोनीपत में बतौर खेल मंत्री बनने के बाद पहली बार हॉकी हरियाणा के कार्यालय में पहुंचे थे। यहां पहुंचने पर हॉकी हरियाणा के महासचिव सुनील मलिक ने उनका स्वागत किया। खेल मंत्री ने कहा कि जिले की कोई भी पंचायत यदि एस्ट्राे टर्फ के लिए जमीन देगी ताे वे मैदान के लिए उन्हें प्रोत्साहन देंगे।
हरियाणा को पहला नेशनल चैंपियन बनाने की यादें ताजा
हॉकी हरियाणा के कार्यालय में यूं तो हरियाणा द्वारा जीती गई अधिकांश ट्राॅफी रखी है, लेकिन खेल मंत्री की नजर जिस ट्राफी पर रूकी वह थी हरियाणा द्वारा साल 2011 में जीती गई नेशनल ट्राॅफी। यह वही ट्राॅफी थी जिसके लिए वे विदेश में हो रही एक अंतरराष्ट्रीय प्रतियाेगिता को छोड़कर भोपाल पहुंचे थे और हरियाणा को पहली बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस मौके पर कोच अनिल कुमार, श्रवण कुमार, सुनीता मलिक व रितु आदि मौजूद थे।
पहले ये तय थी खेलो इंडिया की मेजबानी, कर लिया था गोवाहाटी का दौरा
खेल मंत्री ने बताया कि खेलों का देश में बड़ा हब होने के लिहाज से मेरी दिली ख्वाहिश थी कि देश के सबसे बड़े युवा खेल आयोजन यानि खेलों इंडिया 2021 की मेजबानी हरियाणा करें। इसी सोच के साथ उन्होंने इसकी मेजबानी मांगने से पहले ही असम के गुवाहाटी में आयोजित किए गए खेलो इंडिया के दौरान खुद वहां का दौरा करके परिस्थितियों का जायजा लिया था ताकि हरियाणा में होने वाले आयोजन को लेकर सही तरीके से तैयारी की जा सके।
वे इन आयोजन को देश का सबसे भव्य खेल आयोजन बनाएंगे। हरियाणा के खेल कल्चर को और संवार देगा यह आयोजन। हरियाणा 2019 और 2020 में पदक तालिका में दूसरे स्थान पर रहा था।
खेल के साथ नशे का कोई स्थान नहीं
खेल मंत्री ने कहा कि खेल में नशे की जगह नहीं है। उनका प्रयास है कि खेल मैदान के आस-पास किसी तरह के नशे का इस्तेमाल ना हो। डीएसओ को हिदायत दी गई है कि वे नशे के साथ प्रतिबंधित शक्तिवर्धक दवाओं को लेकर भी खिलाड़ियों का जागरूक करें।
खेल नर्सरी से जोड़कर खिलाड़ियों को देंगे रोजगार
खिलाड़ियों की बेरोजगारी दूर करने के लिए राज्य सरकार ने मुहिम शुरू की है। खेल नर्सरी में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से बतौर प्रशिक्षक सेवाएं ली जाएगी। जिससे उन्हें रोजगार व उभरते खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन मिल सकें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from KAPS Krishna Pandit

Please do not enter any spam link in the comment box.