भारतीय ज्योतिष शास्त्र के अनुसार विभिन्न ग्रह-नक्षत्र के वक्री, मार्गी, उदयास्त एवं राशि परिवर्तन आदि का मौसम पर कूल-प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कुछ ऐसे ही योग इस बार श्राद्ध पक्ष में बन रहे हैं, जिससे भारी बरसात होने के संकेत मिल रहे हैं। यह बात हम नहीं कह रहे बल्कि भारतीय ज्योतिष का मानना है। ज्योर्तिविद पंडित कृष्ण कुमार शर्मा नावां ने बताया कि आज से बन रहे विभिन्न वृष्टि कारक योग से श्राद्ध पक्ष में रुक-रुक कर अच्छी बरसात के योग बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के योग से इस अवधि में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तरप्रदेश, बिहार, उत्तराखंड आदि में भारी बरसात के योग बन रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 4 सितंबर को स्थानीय समयानुसार 7.53 पर शुक्र ग्रह का पुष्य नक्षत्र में प्रवेश हो रहा है और यह 16 सितंबर को सुबह 7.56 बजे तक पुष्य नक्षत्र में रहेगा जो इस अवधि में रुक-रुककर वर्षा का योग बना रहा है। उन्होंने बताया कि पुष्य नक्षत्र पट्टिका में आठवें स्थान पर है जो शुक्र ग्रह का साथ मिलने पर आकाश मंडल में जलतत्व का प्रतिनिधि बनता है और इस कारण से भारी वर्षा होने का पूर्वाभास भी देता है। 7 सितंबर को पश्चिम दिशा में बुध ग्रह का उदय वर्षा के वेग को बढ़ाएगा।
वहीं श्राद्ध पक्ष में 17 सितंबर को गुरुवारी अमावस्या को पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र का साथ मिलने से उत्तर भारत के अनेक प्रांतों में भारी वर्षा होने के संकेत मिल रहे हैं। ज्योतिष के अनुसार गुरुवारी अमावस्या सुभिक्षकारी एवं कल्याणकारी कही गई है। इस प्रकार का योग प्रजा में आरोग्य व सुख का संचार करने वाला भी है। फलित ज्योतिष के अनुसार गुरुवारी अमावस्या होने से 72 घंटे की अवधि में अनेक स्थानों पर अच्छी वर्षा होगी।
शहर में बूंदाबांदी, लोहारू में 5 और बहल में 8 एमएम बारिश से मौसम हुआ खुशगवार
पिछले दो-तीन दिनों से आसमान में छा रही बादलवाई के चलते नागरिकों को बारिश का इंतजार बना हुआ है। गुरुवार सुबह से ही रुक-रुककर बादलवाई के चलते मौसम खुशगवार रहा। दोपहर डेढ़ बजे बाद शहर के कुछेक हिस्सों में केवल छींटाें, बौछार से ही संतुष्ट हाेना पड़ा जबकि कैरू में बूंदाबांदी, लोहारू में 5 एमएम व बहल क्षेत्र में 8 एमएम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन-चार दिन तक आंशिक बादल छाने और हवाओं के चलने की संभावना है। मानसूनी हवाएं फिर से सक्रिय होने से कहीं-कहीं अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। गुरुवार को दिन का तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from KAPS Krishna Pandit

Please do not enter any spam link in the comment box.