सरकुलर मार्ग पर हांसी गेट स्थित एक मोबाइल शॉप का शटर उखाड़कर सात चोर 40 मिनट में लगभग 15 लाख कीमत के 65 मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। जनवरी माह में चोर उक्त मोबाइल शॉप से 22 लाख कीमत के मोबाइल चोरी कर ले गए थे। विरोध में दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर रोष जताया और पुलिस की दोषपूर्ण कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की।
रविवार सुबह 4 बजकर 45 मिनट पर सात चोर एक कार में सवार होकर आए। गाड़ी को सरकुलर रोड की बजाए दुकान के पीछे से गुजरने वाली सड़क पर खड़ा किया। दुकान मालिक रोहित उर्फ रिंकू रहेजा सुबह नौ बजे दुकान खोलने आया तो शटर बीच से क्षतिग्रस्त दिखाई दिया। इसके बाद उसने शटर के दोनों तरफ लगे ताले खोले और अंदर जाकर देखा तो सभी मोबाइल बॉक्स खाली पड़े हुए थे व मोबाइल गायब थे। उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो चोरी की पूरी वारदात सामने आई। मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
मौके पर पहुंचे अनेक दुकानदार
दुकान में चोरी की सूचना मिलने पर विरोध स्वरूप अपनी दुकानें बंद कर हांसी गेट क्षेत्र के दर्जनों दुकानदार मौके पर पहुंचे। दुकानदारों ने हांसी चौक पर सड़क के साथ खड़े होकर जाम लगाने का प्रयास किया लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने जाम नहीं लगने दिया। हालांकि दुकानदारों ने चोरी की बढ़ती वारदात को लेकर पुलिस कर्मचारियों को खरी खरी सुनाई। मौके पर पहुंचे सिविल लाइन थाना प्रभारी विक्रांत को दुकानदारों ने चोरी की घटना के बारे में जानकारी दी। अधिकारी ने दुकान में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे में चोरी की वारदात देखकर जांच शुरू की।
जानिए कैसे दिया चोरी को अंजाम
चोर सुबह 4:45 बजे पर मोबाइल शॉप के बाहर आते हैं। सभी के मुंह पर मास्क थे। दो युवकों ने टोपी पहनी थी। सभी के पास बैग थे। दो युवकों ने हाथ में ली हुई चादर को दुकान के सामने तान दिया ताकि आने जाने वालों को कुछ दिखाई न पड़े। शटर को राॅड से उखाड़ कर एक युवक दुकान में घुस जाता है। छह युवक दुकान के बाहर खड़े रहते हैं। 5:24 बजे दुकान के अंदर से चोर मोबाइल चोरी कर बाहर निकलता है और फिर सभी दुकान के साथ गली से पीछे की गली में पहुंच जाते हैं। एक मिनट बाद ही चोर वापस दुकान के पास आते हैं और एक फुट उठे हुए शटर को नीचे कर वापस चले जाते हैं।
40 मिनट में कब क्या किया
- सुबह 4 बजकर 45 मिनट पर चोर दुकान के बाहर पहुंचते हैं।
- 21 मिनट दुकान के सामने खड़े होकर चद्दर तानकर शटर को ऊपर उठाने में लगाते हैं। सुबह पांच बजकर 6 मिनट पर एक चोर दुकान में प्रवेश करता है।
- लगभग 18 मिनट एक चोर दुकान के अंदर रहता है और दुकान में रखे सभी मोबाइल फोन के बॉक्स के अंदर से मोबाइल निकालकर बैग में रखता है।
- पांच बजकर 24 मिनट पर चोर मोबाइल चोरी कर बाहर निकलता है।
पुलिस की लापरवाही: प्रेम धमीजा
हांसी गेट मार्केट एसोसिएशन के प्रधान प्रेम धमीजा ने बताया कि पुलिस की लापरवाही से सुबह छह बजे चौक पर मोबाइल की दुकान से सात चोर शटर उखाड़कर लाखों के मोबाइल चोरी कर ले गए। जनवरी माह में भी इसी दुकान से चोर 22 लाख कीमत के मोबाइल चोरी कर ले गए थे। दुकान हांसी चौक स्थित पुलिस बूथ से महज 100 फुट की दूरी पर है, जबकि थाना 500 मीटर दूर है। अगर जल्द चोरों को नहीं पकड़ा गया तो मार्केट को बंद कर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो शहर के व्यापारी मिलकर आंदोलन करेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from KAPS Krishna Pandit

Please do not enter any spam link in the comment box.