जिले में कोरोना संक्रमित होने के बाद बुजुर्गों की मौत होने का सिलसिला जारी है। मंगलवार देर रात को शहर के तोपखाना माेहल्ला की जैन गली में रहने वाली 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजरानी की मौत हो गई। बुजुर्ग महिला हार्ट प्राब्लम होने के बाद रविवार को हिसार के एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल हुई थी। बुधवार को हिसार में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया। जिले में कोरोना से संक्रमण से होने वाली यह सातवीं मौत है।
बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उसके परिजनों के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंटीजन टेस्ट किए तो उसकी पुत्रवधू भी कोरोना संक्रमित मिली है। इसी तरह से जिले में बुधवार को कुल 4 पॉजिटिव केस सामने आए। सभी एंटीजन किट से हुए टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या अब बढ़कर 453 हो गई है, जबकि एक्टिव केसों की संख्या 75 पहुंच गई है।
सैंपलिंग में हुई बढ़ोतरी : जिले में पिछले दो दिनों में कोरोना टेस्ट सैंपलिंग में काफी बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को जिले में 965 व्यक्तियों के आरटीपीसीआर व एंटीजन किट से सैंपल लिए गए।
कई दिन तक बुजुर्ग महिला रही शहर के प्राइवेट अस्पताल में दाखिल, नहीं कराया गया टेस्ट
बुजुर्ग महिला राजरानी को हुई हार्ट प्राब्लम के बाद पिछले सप्ताह गुरुवार को परिजन उसे शहर के रोहतक रोड पर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की ट्रेसिंग में सामने आया है कि यहां पर महिला रविवार तक रही। लेकिन इस दौरान प्राइवेट अस्पताल प्रबंधन ने महिला का कोरोना टेस्ट नहीं करवाया। इसके बाद रविवार को हालत बिगड़ने पर परिजन महिला को हिसार के एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर गए। जहां पर उसकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मंगलवार को राजरानी की उपचार के दौरान मौत हो गई।
जिले में कोरोना से एक और हुई मौत : डाॅ. कटारिया
जिले में कोरोना से एक बुजुर्ग महिला जिसका हिसार के प्राइवेट अस्पताल में उपचार चल रहा था उसकी मौत हुई है। महिला पहले से ही हार्ट प्राब्लम से ग्रस्त थी। जिले में कोराेना संक्रमण होने के बाद यह सातवीं मौत हुई है। बुधवार को 4 पॉजिटिव केस आए हैं। -डाॅ. पालेराम कटारिया, सिविल अस्पताल जींद।
कोविड वार्ड में स्टॉफ नर्स मिली पॉजिटिव
सिविल अस्पताल के कोविड वार्ड में ड्यूटी करने वाली स्टॉफ नर्स बुधवार को कोरोना संक्रमित मिली है। कुछ दिन पहले ही स्टॉफ नर्स की ड्यूटी एसएनसीयू (नवजात बच्चों का वार्ड) में लगाई गई थी। स्टॉफ नर्स के अब पॉजिटिव आने से सभी नवजात बच्चों के कोरोना सैंपल कराए जा रहे हैं। स्टॉफ नर्स की कोविड वार्ड से ड्यूटी बदलकर एसएनसीयू में लगाए जाने पर अब सवाल उठ रहे हैं। इसी तरह से स्कीम नंबर 19 में एक प्राइवेट अस्पताल का केमिस्ट संक्रमित मिला है।
शुरू हुआ सीरो सर्विलांस सर्वे
जिले में बुधवार को ही सीरो सर्विलांस भी शुरू हो गया। 16 टीमों ने चयनित किए गए क्लस्टर में जाकर लोगों के ब्लड सैंपल लिए। लिए गए सैंपल का अब एलाइजा टेस्ट होगा और उसे पता लगाया जाएगा कि कितने लोगों को अब तक कोरोना संक्रमण हो चुका है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from KAPS Krishna Pandit

Please do not enter any spam link in the comment box.