जिला के प्रमुख राइस मिलरों में शामिल अशोक कुमार मिगलानी व उसके 4 पार्टनरों के खिलाफ धोखाधड़ी कर रुपए हड़पने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज हुआ है। इन पर नई अनाज मंडी के करीब सवा 300 आढ़तियों के 40 करोड़ रुपए हड़पने के आरोप हैं। रुपए मांगने पर आढ़तियों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। आढ़ती मामले की शिकायत एसपी शशांक कुमार को कई बार कर चुके थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मंगलवार को कैथल में लगे खुले दरबार में आढ़ती अपनी शिकायत लेकर सांसद के पास पहुंचे थे। जिस पर सांसद ने मौके पर एसपी को कॉल लगाकर तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए। सांसद के आदेश के बाद पुलिस ने अगले ही दिन 4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दिया।
3 साल पहले भी हुई थी धोखाधड़ी : वर्ष 2017-18 में भी नई अनाज मंडी के आढ़तियों के साथ 15 से 20 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी हुई थी। उस समय भी शहर के प्रमुख राइस मिलर ने धान खरीदने के बाद पेमेंट नहीं की थी। आढ़तियों ने आरोपी के घर के सामने धरना दिया था। आढ़तियों का आरोप है कि दो बड़ी धोखाधड़ी में नई अनाज मंडी के आढ़तियों को भारी नुकसान हो चुका है।
मंडी से खरीदी थी करीब 150 करोड़ की धान, 40 करोड़ की नहीं की पेमेंट
आढ़तियों का आरोप है कि अपने भाईयों से व्यापार अलग करने के बाद जींद रोड कैथल स्थित मॉडल टाउन निवासी अशोक कुमार मिगलानी ने वर्ष 2012 से नई अनाज मंडी से धान खरीदनी शुरू की थी। अशोक के साथ बिजनेस में उसके बेटे अरुण कुमार, सिद्धार्थ मिगलानी, हुडा सेक्टर-20 निवासी सुरेंद्र कुमार मिगलानी व सुरेंद्र की पत्नी पूनम मिगलानी शामिल है। कुछ साल तक इनका नई अनाज मंडी के आढ़तियों के साथ लेन-देन ठीक रहा।
धान की खरीद करने के बाद लगभग तय समय पर ही पेमेंट कर देते थे। बाद में इन्होंने पेमेंट देने में गड़बड़ी शुरू कर दी। वित्त वर्ष 2017-18 व 2018-19 में नई अनाज मंडी के कमीशन एजेंटों से करीब 150 करोड़ रुपए की धान खरीदी। जिसमें से करीब 110 करोड़ रुपए की पेमेंट कर दी, लेकिन 40 करोड़ रुपए हड़प गए। कई महीने तक यह कहकर टरकाते रहे कि इस महीने पेमेंट कर देंगे, अगले महीने पेमेंट कर देंगे। रुपए नहीं मिलने पर आढ़तियों ने घर जाना शुरू कर दिया तो वे जान से मारने की धमकी देने लगे। अब मंडी के आढ़तियों ने उन्हें माल देना ही बंद कर दिया है।
रुपए मांगने पर आढ़तियों को बनाया बंधक
आढ़तियों का आरोप है कि आरोपी राइस मिलर शहर छोड़कर जाने की पूरी तैयारी में हैं। लॉकडाउन से पहले एक आरोपी दुबई जाकर आया है। उन्होंने अपना ज्यादातर सामान जैसे मशीनें आदि भी बेच दी हैं। आढ़तियों ने बताया कि एक महीना पहले आरोपी ने रुपए देने की बात कहकर आढ़तियों को अपने घर बुलाया। 10-15 आढ़ती घर गए तो दोनों गेट बंद करके उन्हें बंधक बना लिया। पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने आढ़तियों को बाहर निकाला।
सिटी थाना, एसएच, डाॅ. नन्ही ने कहा कि फूड ग्रेन डीलर एसोसिएशन नई अनाज मंडी के प्रधान कृष्ण मित्तल की शिकायत पर अशोक कुमार, अरुण कुमार, सिद्धार्थ मिगलानी, सुरेंद्र कुमार मिगलानी व पूनम पर धोखाधड़ी करने, रुपए हड़पने, जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3fj9Fwe
Please do not enter any spam link in the comment box.