25 लाख रुपए नहीं देने पर शराब ठेके के हिस्सेदार राजकुमार को गोली मारने की धमकी भरा मैसेज भेजने वाले आरोपी पदम पुत्र गोपाल को सीआईए-2 ने शनिवार को सिवाह गांव से गिरफ्तार किया है। सीआईए-2 इंचार्ज दीपक कुमार ने बताया कि आरोपी पदम सिवाह गांव का रहने वाला है। राजकुमार उसके पड़ोस में ही रहते हैं। पदम बेरोजगार है। उसको कुछ बदमाश किस्म के युवकों को देखकर गुंडागर्दी का शौक चढ़ गया। तब उसने पड़ोसी से रंगदारी मांगने की साजिश बनाई।
दोस्त से फर्जी सिम मंगवाई, जोकि एक महिला के नाम पर है। सिम पिता के मोबाइल में डालकर आरोपी पदम ने ठेकेदार के पास धमकी भरा मैसेज भेजा था। इसके बाद उसने सिम निकाल लिया था। मैसेज आते ही राजकुमार के परिवार में हलचल मच गई और राजकुमार ने केस दर्ज करा दिया। इसका आरोपी पदम को पता चल गया था। राजकुमार ने अज्ञात के खिलाफ सेक्टर-29 थाने में केस दर्ज कराया। मामले की जांच सीआईए-2 को सौंपी गई। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पदम को गिरफ्तार कर लिया।
दहशत में था पूरा परिवार
सिवाह गांव निवासी राजकुमार पुत्र सुबे सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसने हिस्सेदारी में पानीपत में शराब के ठेके ले रखे हैं। 5 जून को उनके मोबाइल अज्ञात नंबर से मैसेज आया। जिसमें लिखा था कि या तो 25 लाख रुपए देने के लिए तैयार हो जाओ, वरना गोली मार दी जाएगी। मैसेज से पूरा परिवार दहशत में था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2B0JfAZ

Please do not enter any spam link in the comment box.