डाहर गोल चक्कर व महराना गांव के बीच मंगलवार शाम को लोडिंग टेम्पो व ऑटो की भिड़ंत में नानी व 9 साल के दोहते की मौत हो गई। नानी घर पर अकेली थी, इसलिए करीब 10 दिन पहले बेटी के घर गई नानी दोहते को अपने साथ लेकर आई थी। बुधवार को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद उनके शव परिजनों के हवाले कर दिए गए। देवर की शिकायत पर इसराना पुलिस ने टेम्पो ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
रिसालु गांव निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को 46 वर्षीय भाभी केलादेवी अपने 9 साल के दोहते लविश को लेकर अपने दांत दर्द की दवा लेने के लिए एनसी मेडिकल कॉलेज के पास गई थी। वहां से दोनों ऑटो में घर लौट रही थे। रास्ते में महराणा गांव और डाहर गोल चक्कर के बीच में सामने से आ रही लोडिंग टेम्पो ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों वाहन पलट गए और ऑटो क्षतिग्रस्त हो गए। लोगों ने ऑटो में सवार केलादेवी, लविश और ऑटो ड्राइवर को सिविल अस्पताल पहुंचाया।
जहां पर डॉक्टर ने केलादेवी व लविश को मृत घोषित कर दिया। वहीं ऑटो ड्राइवर को रेफर कर दिया। सुरेंद्र भी पीछे से बाइक लेकर आ रहे थे।
दुखद: हादसे ने मां भी छीनी और बेटा भी
इस दर्दनाक हादसे ने पूनम से उसकी मां और बेटे दोनों को ही छीन लिया। जब उसे दोनों की मौत की खबर मिली तो वह बेसुध होकर गिर गई। रो-रोकर उसका बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन केलादेवी के शव को रिसालू और लविश के शव को बराना ले गए। जहां पर गमगीन माहौल में दोनों का संस्कार कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहन अपने कब्जे में ले लिए। आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3fa0ui2

Please do not enter any spam link in the comment box.