रायसेन- स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने सांची विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम कायमपुर, जमुनिया, नोनाखेड़ी, मड़ा, कामापार सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ से मकान और फसलों को हुए नुकसान को देखा तथा ग्रामीणों से चर्चा की। स्वास्थ्य मंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ है। भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के बाद जिन खेतों, घरों में पानी घुसा, फसलें बर्बाद हुई तथा कच्चे घरों और सामान का नुकसान हुआ है, उन्हें राहत राशि दिलवाई जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने ग्रामीणों से भोजन, पेयजल, डॉक्टरों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण करने के संबंध में जानकारी ली।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति निर्मित होने के बाद शासन-प्रशासन द्वारा तेजी से राहत और बचाव कार्य प्रारंभ करते हुए प्रभावितों तक मदद पहुंचाई गई। बाढ़ प्रभावित ग्रामों के सड़क मार्ग जलमग्न हो जाने के कारण मोटरबोटों के माध्यम से प्रभावित गांवों तक पहुंचकर लोगों को भोजन के पैकेट, पेयजल, दवाईयों सहित अन्य सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अरविंद दुबे, पुलिस अधीक्षक श्री विकास शहवाल सहित अन्य अधिकारी भी साथ थे।
उल्लेखनीय है कि गत दिनों अतिवृष्टि होने के कारण बेतवा नदी और हलाली डेम का जलस्तर बढ़ने के कारण सांची जनपद के अनेक ग्रामों में बाढ़ की स्थिति निर्मित हुई। शासन-प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से राहत और बचाव कार्य किए गए। स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी, कलेक्टर श्री अरविंद दुबे, पुलिस अधीक्षक श्री विकास शहवाल सहित अन्य अधिकारियों द्वारा मोटरबोट के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को भोजन के पैकेट सहित अन्य सामग्री वितरित करने के साथ ही राहत और बचाव कार्यो का जायजा भी लिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचकर चिकित्सा दलों द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उपचार किया जा रहा है।
Please do not enter any spam link in the comment box.