
भोपाल । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्टी और उसके नेता अधीर रंजन चौधरी की निंदा की है। सीएम ने कहा कि देश कांग्रेस और अधीर रंजन चौधरी को कभी माफ नहीं करेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रपति देश का सर्वोच्च पद है। राष्ट्रपति किसी दल के नहीं होते, राष्ट्रपति पूरे देश के होते हैं। लेकिन कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने जिस निकृष्ट मानसिकता व घटियापन का परिचय दिया है वह अक्षम्य है। उन्होंने भारत के राष्ट्रपति का अपमान किया है।
एक महिला जो आदिवासी समाज से आती है। वह देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर बैठी हुई हैं। यह सर्वोच्च पद पर बैठी हुई एक बहन का अपमान है, यह नारी शक्ति का अपमान है, और यह हमारे जनजातीय आदिवासी बहनों का अपमान है। देश कभी माफ नहीं करेगा।सीएम ने कहा कि देश कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगा। कांग्रेस की मानसिकता ही आदिवासी विरोधी, महिला विरोधी है। उन्होंने कहा मैं सोनिया गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या वह अधीर रंजन चौधरी के बयान से सहमत हैं? उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी जवाब दें कि क्या राष्ट्रपति के पद पर बैठी हुई एक ऐसी हस्ती जिनका सारा देश सम्मान करता है उनको ऐसे शब्दों से संबोधित किया जाना चाहिए ? देश, इस कृत्य के लिए अधीर रंजन चौधरी और कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगा।
Please do not enter any spam link in the comment box.