![](https://pradeshlive.com/wp-content/uploads/2022/06/bhopal-8_1654103357-730x470.jpeg)
भोपाल भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मध्यप्रदेश प्रवास पर हैं। बुधवार को वह दिनभर भोपाल में रहे। उनके दौरे में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वह अपना तय कार्यक्रम बदलकर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के घर पहुंच गए। पहले से तय कार्यक्रम में नड्डा का गृहमंत्री निवास जाने का प्लान नहीं था, लेकिन देर रात कार्यक्रम बदला। CM हाउस जाने से पहले गृहमंत्री के घर हाई-टी लेने का प्रोग्राम जोड़ा गया। इसके बाद वे प्रदेश कार्यालय के बाद मिश्रा के निवास पर पहुंचे। यहां मिश्रा ने नड्डा समेत सभी दिग्गज नेताओं की खातिरदारी की। यहां नड्डा करीब आधा घंटे तक रुके। मिश्रा ने नड्डा को समोसे भी परोसे। इसके सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि इस तरह अचानक नड्डा का कार्यक्रम बदलना गृहमंत्री की संगठन में तगड़ी पैठ को जाहिर करता है। उन्होंने साबित कर दिया कि दिल्ली में उनकी पकड़ कमजोर नहीं है। गृहमंत्री ने खूब खातिरदारी कर नड्डा का दिल तो जीत ही लिया। गृहमंत्री ने CM शिवराज सिंह चौहान के हाथों जेपी नड्डा का तिलक कराया। इसके बाद स्मृति चिन्ह भेंट किया। नरोत्तम मिश्रा नड्डा मेहमानों को समोसे खिलाते नजर आए। यहां CM शिवराज सिंह चौहान, BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश, BJP के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, जयभान सिंह पवैया, BJP संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा समेत प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहे। इसमें विश्वास सारंग, कमल पटेल, तुलसी सिलावट, महेंद्र सिंह सिसौदिया समेत अन्य मंत्री भी शामिल थे।
Please do not enter any spam link in the comment box.