रायसेन, 02 मार्च 2022
पर्यावरण की सुरक्षा तथा संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशानुरूप प्रदेश के साथ ही रायसेन जिले में भी एक मार्च से 05 मार्च तक वृक्षारोपण महाअभियान चलाया जा रहा है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पौधरोपण महाअभियान के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री अरविन्द कुमार दुबे ने अधिकारियों को 05 मार्च तक अधिक से अधिक पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। पौधरोपण हेतु उद्यानिकी तथा वन विभाग की नर्सरी से पौधे प्राप्त किए जा सकते हैं।
कलेक्टर श्री दुबे ने कृषि, वन, उद्यानिकी, शिक्षा, महिला बाल विकास सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारियों को विभागवार निर्धारित लक्ष्य अनुरूप पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान या कार्यक्रम की सफलता के लिए जनभागीदारी जरूरी होती है। नागरिकों, समुदायों, स्वयंसेवी संस्थाओं सहित विभिन्न संगठनों को पौधरोपण हेतु प्रेरित करते हुए इस महाअभियान में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्री दुबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में अंकुर अभियान तथा वायुदूत एप में पंजीकृत सभी लोगों से पौधरोपण करवाएं। उन्होंने पौधरोपण के साथ ही उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित करें। पौधरोपण के साथ ही ट्री गार्ड लगाए जाएं तथा नियमित पानी की भी व्यवस्था करें। बैठक में डीएफओ श्री अजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि पौधरोपण के लिए वन विभाग हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर है। पौधरोपण के लिए वन विभाग की नर्सरी से पौधे प्राप्त किए जा सकते हैं। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अनिल डामोर, जिला पंचायत सीईओ श्री पीसी शर्मा सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
Please do not enter any spam link in the comment box.