रायबरेली । उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को उसकी खोयी हुई प्रतिष्ठा वापस दिलाने के लिए दिन-रात एक किए हुए पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि अगर देश की सारी महिलाएं एक हो जाएं तो हम राजनीति बदल देंगे। कांग्रेस ने महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया है, जिसमें सिर्फ स्कूटी और स्मार्टफोन देने का वादा ही नहीं किया गया है बल्कि महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और अधिकार देने की बात भी की गई है। प्रियंका गांधी ने भाई राहुल गांधी की ‘हिंदुत्ववादी’ टिप्पणी पर कहा कि हिंदू धर्म सभी के बीच ईमानदारी और प्यार सिखाता है। आरएसएस और बीजेपी के लोग धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं, वे नेकी और ईमानदारी के रास्ते पर नहीं हैं। राहुल तो बस फर्क दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।
उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी रविवार को रायबरेली पहुंची। यहां रिफॉर्म क्लब में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने महिलाओं को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि उन्नाव से हाथरस तक हर जगह यही दिखता है कि लडकियां बहादुरी से लड़ रहीं हैं। मुझे जिन पुलिसकर्मी लड़कियों ने लखीमपुर जाते समय गिरफ्तार किया था मैंने पाया कि उनका भी शोषण हो रहा है। प्रदेश में हर कहीं महिलाओं पर अत्याचार हो रहें हैं और उलटा पीड़ितों पर हीं मुकदमा दर्ज किया जाता है। यह गलत है इसे बदलना होगा। हम सब साथ मिलकर परिवर्तन लायेंगे। समाज को समझायेंगे महिलाओं को बराबरी का अधिकार चाहिए, महिलाओं को नकार नहीं सकते।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सरकार बनने के बाद 20 लाख नौकरियां देने का वादा किया है, यानी 8 लाख नौकरियां महिलाओं को दी जाएंगी। महिला स्वयं सहायता समूहों को कम ब्याज़ दर पर कर्ज मुहैया कराया जाएगा। 50 फ़ीसदी महिलाओं को नौकरी पर रखने वाले संस्थानों को टैक्स में छूट दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं को कांग्रेस 40 फ़ीसदी टिकट और रोज़गार में आरक्षण प्रावधानों के तहत 40 फ़ीसदी नौकरियां भी दी जायेंगी।