पटना । बिहार की राजनीति में इन दिनों तेजस्वी यादव की शादी की खूब चर्चा में है। तेजस्वी की शादी दिल्ली में एक सादे समारोह में हुई।बताया जा रहा है कि तेजस्वी ने अपने बचपन की दोस्त से शादी की है। जिस लड़की से तेजस्वी ने शादी की है उसका धर्म क्रिश्चिन बताया जा रहा है। इसके बाद उनके मामा साधु यादव ही तेजस्वी पर सवाल उठाने लगे हैं। तेजस्वी के फैसले पर साधु यादव ने उन्हें भकचोंहर करार दिया। तेजस्वी की शादी को लेकर साधु यादव से सवाल हुआ तब उन्होंने कहा कि वह दूसरे धर्म की लड़की है। शादी चुपचाप हुआ है, ढोल नगाड़े नहीं बजे हैं, ना कार्ड छपा है। वर्तमान में तेजस्वी केवल एक व्यक्ति नहीं है, लीडर आफ अपोजिशन है।
उन्होंने कहा कि वह कई वर्षों से लगातार उस लड़की के साथ रह रहे थे। अब बिहार की जनता उनसे सवाल पूछेगी। उन्होंने कहा कि लालू यादव का अब समय समाप्त हो रहा है। उन्होंने बिहार में कलंक लगा दिया। वह तो ना राजा है रंक है वह तो अब कलंक है। साधु ने कहा कि तेजस्वी को लालू यादव ने ऐसा संस्कार दिया कि वह अपने कुल खानदान को मिटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप बदनाम दूसरों को करते हैं और खुद नाजायज काम कर रहे हैं। उन्होंने लालू पर हमला करते हुए कहा कि दूसरे को संस्कार का पाठ पढ़ाते थे। लेकिन अपना संस्कार कहां बेच दिया।लालू यादव ने ना अपनी बेटी को संस्कार दिया और ना ही अपने लड़के को संस्कार दिया है।
साधु यादव ने कहा कि यादव समाज को लालू यादव ने 30-35 वर्षों से ठगा है। उन्हें वोट यादव का चाहिए और शादी क्रिश्चिन लड़की से करेंगे। बिहार के अंदर अब लोग उनका मजाक उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तो कुछ नहीं है। बारी-बारी से लालू परिवार का खूब पोल खुलेगा। उन्होंने कहा कि काल मनुष्य पर छाता है बुद्धि-विवेक मर जाता है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी ने सब कुछ चौपट कर दिया। उनके भाग्य में राजयोग था लेकिन अब सब खत्म हो गया।