
भोपाल ।मप्र विधानसभा में मंगलवार को प्रश्नोत्तरकाल के दौरान प्रदेश के वित्तमंत्री जगदीश देवडा ने जानकारी दी कि साल 2021-22 में करीब आठ महीने के दौरान सरकार ने 14 हजार करोड रुपए का बाजार से लोन लिया है। श्री देवडा ने कहा कि बजट साहित्य 2021-22 में प्रकाशित वित्तिय वर्ष 2020-21 के पुनरीक्षित अनुमान अनुसार मार्च 2021 की समाप्ति पर राशि रुपए 2,53,335,60 करोड का कर्ज रहने का अनुमान है। विधानसभा में विधायक प्रताप ग्रेवाल द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने जानकारी दी कि 14 जुलाई 2021 को राज्य सरकार ने 2 हजार करोड, 01-09-2021 को 2 हजार करोड, 15-09-2021 को 2 हजार करोड,22-09-2021 को 2 हजार करोड, 27-10-2021 को 2 हजार करोड, 02-11-2021 को 2 हजार करोड तथा 17-11-2021 को 2 हजार करोड रुपए का लोन लिया। एक पूरक प्रश्न के उत्तर में श्री देवडा ने बताया कि उपरोक्त अवधि में प्रदेश को केंद्र सरकार से जीएसटी प्रतिपूर्ति एवं अन्य मदों पर प्राप्त राशि के लेखे एवं महालेख परीक्षक द्वारा अभी जारी नहीं किए गए हैं। इसलिए जानकारी दिया जाना संभव नहीं है।

Please do not enter any spam link in the comment box.