भोपाल ।कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा हिन्दू और हिन्दुत्व पर शुरू की बहस को आगे बढ़ाते हुए पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह ने बीजेपी को चुनौती दी। बोले कि मैं अच्छा हिंदू हूं। मुझसे बेहतर कोई हिन्दू हो तो बता दो। आज एकादशी है। कितने भाजपा के लोग एकादशी का व्रत रखते हैं? यदि रखते हैं, तो बता दें। मैं 40 साल से रखता हूं। बात यही है कि इनके लिए हिंदू धर्म आस्था का प्रश्न नहीं है। ये इनका राजनीतिक हथियार है।जबलपुर अल्प प्रवास पर पहुंचे दिग्विजय सिंह सर्किट हाउस में मीडिया से मुखातिब थे। सलमान खुर्शीद की पुस्तक पर बैन लगाने संबंधी बयान पर तंज कसते हुए कहा कि गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का किताब और पढ़ाई लिखाई से कोई नाता नहीं है। धर्म की राजनीति बंद करनी होगी।

बदसूरत शक्ल को सुधारने का कॉस्मेटिक प्रयोग
हबीबगंज रेलवे स्टेशन के नाम बदलने पर कहा कि ऐ जो कॉस्मेटिक चेंजेस है। ये बदसूरत शक्ल को सुधारने का कॉस्मेटिक प्रयोग है। अगर रानी कमलावती के नाम का उपयोग करना ही था तो उनके पुराने महल को मामू (शिवराज सिंह) ने क्यों नहीं ठीक कराया? सीहोर के अंदर उनके खंडहर हो रहे राजमहल को क्यों नही ठीक कराते। केवल अपने असली चेहरे को छुपाने के लिए ये नाम परिवर्तन का खेल खेला जा रहा है।

आदिवासियों का शोषण करना बीजेपी का चरित्र
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीजेपी आदिवासियों की हितैषी नहीं हो सकती है। नेमावर में तीन आदिवासी युवक, युवती और उसकी मां को मार कर जमीन में दफना दिया गया। आदिवासी समाज और हम लोग आवाज नहीं उठाते तो मामला दबा दिया गया होता। मारने वाला कौन भाजपा का। बचाने कौन पहुंचे थे, कमल पटेल कृषि मंत्री भाजपा के।

सीएम के लिए मामू का संबोधन
आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार को गिनाते हुए कहा कि अभी शिवराज सिंह जी उर्फ मामा उर्फ मामू के विधानसभा क्षेत्र में बैतूल का एक आदिवासी परिवार धान काटने पहुंचा था। मामू के परिवार का एक व्यक्ति ने उस परिवार की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की। उसने विरोध किया, तो उसे पकड़ कर ले गए। बोल दिया कि सांप ने काट लिया। उसका पीएम तक नहीं होने दिया। उसकी पत्नी की शिकायत पर आज तक कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे? केवल आदिवासियों का शोषण करना ही इनका चरित्र है।


वन मंत्री शाह का अपमान करने वालों को मंच पर जगह न दें पीएम
शंकरशाह-कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर उनके वंशज प्रदेश सरकार के वन मंत्री विजय शाह को पहले मालगोदाम में और फिर मंच पर जगह न देकर अपमानित किया गया। ऐसा करने वालों को यदि मंच पर पीएम जगह देते हैं, तो माना जाएगा कि ये बिरसा मुंडा के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। उनका आदिवासियों से कोई लेना देना नहीं है। कांग्रेस ने ही आजादी के बाद सबसे अधिक आदिवासियों को लाभ दिया। आदिवासियों को संविधान में अधिकार, डीजल-पेट्रोल व गैस की एजेंसी, जमीन का आवंटन, आरक्षण का लाभ दिया। आदिवासियों की जमीन पर कब्जा किसने किया। देश के गृहमंत्री से पन्ना की आदिवासी महिलाओं ने मिलने का समय मांगा था, लेकिन वे नहीं दे सके।

आदिवासियों पर होता है सबसे अधिक अत्याचार
बीजेपी आदिवासियों का शोषण करने वाली पार्टी है। विदिशा मेडिकल कॉलेज में आदिवासी सीटों को डी-रिजर्व करते हुए जनरल श्रेणी में भरने का जुर्म किसने किया ? देश में सबसे अधिक आदिवासी समुदाय पर अत्याचार एमपी में होता है। ये एनसीआरबी की रिपोर्ट कहती है, लेकिन ये सच का एक तिहाई हिस्सा है। पूरा सच तो ये है कि दो तिहाई अपराध रजिस्टर्ड ही नहीं किए जाते।