गुजरात | के दो बार मुख्यमंत्री रहे केशुभाई पटेल को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान प्रदान किया गया है। तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान हासिल करने वाले केशुभाई पटेल को पीएम नरेंद्र मोदी अपना राजनीतिक गुरु कहते रहे हैं। भले ही 2001 में भुज में आए भूकंप के बाद केशुभाई पटेल को पद से हटना पड़ा था और उनकी जगह पर नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री बनाए गए थे, लेकिन सार्वजनिक तौर पर दोनों एक-दूसरे का सम्मान करते रहे। माना जा रहा है कि केशुभाई पटेल को पद्म भूषण सम्मान दिए जाने से भाजपा राज्य में पटेल मतदाताओं के बीच एक संदेश देने में कामयाब होगी, जहां अगले साल के अंत में चुनाव होने वाले हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी भले ही एक दौर में केशुभाई पटेल की छाया में गुजरात में आगे बढ़े थे, लेकिन दोनों के रिश्ते उतार-चढ़ाव भरे थे। यहां तक कि कहा जाता है कि केशुभाई पटेल ने ही 1998 में दोबारा सीएम बनने के बाद केंद्रीय नेतृत्व से कहकर नरेंद्र मोदी को दिल्ली भिजवा दिया था और वह नहीं चाहते थे कि गुजरात आकर मोदी नेताओं से मुलाकात करें। हालांकि 2001 में हालात एकदम से बदले, जब भुज में आए भूकंप के बाद स्थिति को न संभाल पाने के आरोप केशुभाई पटेल पर लगे और उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद दिल्ली से नरेंद्र मोदी सीधे अहमदाबाद आए और सीएम बनाए गए।

Please do not enter any spam link in the comment box.