बिलासपुर। न्यायधानी में ठंड ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के करीब पहुंच गया जबकि एक दिन पूर्व 19 डिग्री दर्ज किया गया था। प्रदेश में पेंड्रारोड सबसे ठंडा है। न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर की ओर से जारी सूचना के अनुसार, प्रदेश में शुष्क हवाएं आने के कारण नौ नवंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमानों में विशेष परिवर्तन होने के आसार नहीं हैं। वहीं दक्षिणी छत्तीसगढ़ में 10 नवंबर से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में भी न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 11 नवंबर से वृद्धि संभावित है। बिलासपुर शहर समेत पूरा संभाग उत्तरी छत्तीसगढ़ की तरह प्रभावित होता है,
जिससे यहां भी ठंड कम होने की संभावना है। बादल छंटने के बाद एक बार फिर ठंड बढ़ेगी। फिलहाल बिलासपुर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के करीब है। आज सुबह से बिलासपुर में आसमान एकदम साफ है। माना जा रहा है कि शाम ढ़लते ही ठंड का अहसास होगा। वहीं ठंड का सीजन शुरू होने के साथ ही पर्यटन स्थलों में भीड़ बढ़ने लगी है। मौसम का मजा लेने लोग अभी से बुकिंग करा रहे हैं। दिसंबर जनवरी को लेकर ट्रैवल एजेंसी संचालक भी इस बार खुश है। माना जा रहा है कि कोरोना महामारी के बाद इस साल पर्यटन स्थल पूरी तरह से गुलजार रहेगा।

Please do not enter any spam link in the comment box.