दिल्ली-एनसीआर | में एक बार फिर मौसमी उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है। अगले कुछ दिनों के दौरान ठंड में कमी आने के साथ न्यूनतम और अधिकतम पारे में भी इजाफा होगा, लेकिन आगामी 24 नवंबर से एक बार फिर ठंड बढ़ने की संभावना है। इसके बाद लगातार ठंड में इजाफा होगा। वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दिसंबर के साथ-साथ जनवरी और फरवरी में भी दिल्ली-एनसीआर के लोगों को ठंड का सामना करना पड़ेगा। कहा जा रहा है कि मानसून देरी से विदा हुआ है, इसलिए ठंड भी देरी से दिल्ली-एनसीआर का बाय-बाय कहेगी।
वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को दिनभर आकाश में बादल छाए रहेंगे। सुबह में हल्का कोहरा भी है, जिससे वाहन चालकों को हल्की दिक्कत पेश आ रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, शनिवार को भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इसके बाद आकाश साफ होगा लेकिन 20 से 23 नवंबर तक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 11-12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान सुबह में हल्का कोहरा हो सकता है। 24 नवंबर से ठंड बढ़ने की संभावना है। तब न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है।
दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। फिर भी न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। पूर्व दिशा की तरफ से हवा चलने और आकाश में बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान थोड़ा और बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। मुंगेशपुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तब अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस था।

Please do not enter any spam link in the comment box.