
शिमला । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश की भाजपा कार्यसमिति को वर्चुअली संबोधित कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए इस घर घर पहुंचने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, संगठन महामंत्री पवन राणा, हिमाचल के प्रभारी अविनाश राय खन्ना और सह प्रभारी संजय टंडन सहित सभी वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी एवं मंत्रीगण उपस्थित थे। हिमाचल प्रदेश भाजपा कार्यसमिति को संबोधित कर नडडा ने कहा कि हिमाचल देव भूमि एवं वीर भूमि है, इस पवित्र भूमि को मेरा शत शत नमन। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी की अनेकों विशेषताएं है की हमारी वैचारिक पृष्ठभूमि है, मजबूत कैडर और बड़ी संख्या में मास फॉलोइंग है। आज देश की सभी पार्टियां वंशवाद से प्रेरित और परिवारवाद से ग्रस्त है। देश के सभी क्षेत्रीय दल भी वंशवाद की पार्टी बन कर रह गए है। वहीं भाजपा में साधारण परिवार के नेता मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष बन सकते हैं। यह भारतीय जनता पार्टी ही है जहां अत्यंत ही गरीब परिवार से आए नरेन्द्र मोदी जी देश के प्रधानमंत्री पद को सुशोभित करते हैं तो मुझ जैसा साधारण पार्टी कार्यकर्ता भी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।
नड्डा ने कहा कि भाजपा में पार्टी ही परिवार है और बाकी पार्टीयों में परिवार ही पार्टी है। हम लोकतंत्र में गद्दी पर आसीन होने नहीं आए हैं, अपितु जनता की सेवा के लिए आए है।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नडडा ने कहा कि हम सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांत पर चलते हुए सर्वस्पर्शी एवं सर्व समावेशी विकास की अवधारणा को माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में चरितार्थ कर रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमें परिवर्तन का माध्यम बनना है, पार्टी आगे बढ़े, समाज आगे बढ़े, इस ध्येय पर हमें काम करना है। हम सबको अपना आंतरिक विश्वास बढ़ाना है और भाजपा को मजबूत करना है। हम सबको अकेले नहीं चलना है, सबको साथ लेकर आगे बढ़ना है। समाज को बदलने के लिए खुद को बदलना ज़रूरी है और आप सब, लाखों लोगों को बदलने का माध्यम हैं। उन्होंने राज्य भाजपा संगठन की पीठ थपथपाई और कहा कि प्रदेश में 7752 बूथ पर काम हो रहा है, हमारी पन्ना प्रमुख योजना काफी सफल रही है, विस्तारक योजना का मॉडल भी पूर्ण रूप ने सफल रहा है और यह देश का मॉडल बना है।

Please do not enter any spam link in the comment box.