अदनान खान सलामतपुर रायसेन।
आम लोगों के जेहन में पुलिस की छवि भले ही जो भी हो लेकिन सलामतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली दीवानगंज पुलिस चौकी प्रभारी सत्येंद्र दुबे का दिल सेवा के लिए हमेशा धड़कता है। वह देशभक्ति जनसेवा के साथ समय-समय पर समाज सेवा के लिए कार्य करते रहते हैं। इसका जीता जागता उदाहरण है गरीबों की दीपावली रोशन हो इसलिए उन्होंने अपने वेतन से सामान खरीद कर गरीबों में बांटा। जिससे गरीब परिवारों के चेहरों पर खुशी छा गई। उन्होंने अपने वेतन में से गरीबों की दीपावली रोशन करने के लिए आटा, रसोई तेल, फुलझड़ी, प्रसाद, मिठाई का डब्बा, दीए, लक्ष्मी जी की प्रतिमा किट बनाकर गरीबों में बांट दिए। तो पुलिस चौकी का हर वर्दीधारी जवान गौरवान्वित महसूस करने लगा। पुलिस बिरादरी का मान बढ़ाने वाला कार्य करने पर उनकी क्षेत्र में हर तरफ सरहाना हो रही है। दिपावली पर दीवानगंज पुलिस के जवान हर उस दरवाजे पर सामग्री किट के साथ दस्तक दे रहे हैं जहां दिपावली की खुशियां मनाने वाला कोई नहीं है और गरीबी के कारण वह त्यौहार मनाने से महरूम रह गए हों। पुलिस का इस दिपावली पर मानवीय चेहरा देख उन लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे, जो दिपावली जैसा त्यौहार मना पाने में सक्षम नही थे। ऐसा नहीं है कि दीवानगंज चौकी प्रभारी सत्येंद्र दुबे के नेतृत्व में पुलिस यह नेक कार्य पहली बार कर रही है। इससे पूर्व भी कोरोना के कारण लगे लॉकडाउन के समय भी पुलिस कर्मियों ने बेसहारों गरीबों को राशन बांटा था। चौकी प्रभारी सत्येंद्र दुबे समय-समय पर अपनी ड्यूटी के साथ साथ समाज सेवा का कार्य भी करते रहते हैं। और अपने साथी पुलिसकर्मियों को भी इस नेक कार्य के लिए प्रेरित करते हैं।इस मौके पर मौजूद रहे प्रधान आरक्षक अजय सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक दिलीप यादव, आरक्षक आशीष शर्मा, आरक्षक सूरज वर्मा, आरक्षक राजू चौहान, आरक्षक सुनील लोधी सहित ग्राम रक्षा समिति के सदस्य राहुल, मूरत सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
Please do not enter any spam link in the comment box.