
भोपाल । कांग्रेस अब हर महीने आमजन को अयोध्या यात्रा कराएगी। इसकी पहल इंदौर के कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने की है। शुक्ला अपने विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को राम जन्म भूमि की यात्रा कराएंगे। इसके तहत विधानसभा क्षेत्र के हर वार्ड से महिलाओं और पुरुषों का दल अयोध्या यात्रा पर भेजा जाएगा। हर महीने इस विधानसभा क्षेत्र में अयोध्या दर्शन अभियान चलाया जाएगा। इसी कड़ी में 600 लोगों का पहला जत्था गुरूवार को रवाना होगा।
विधायक संजय शुक्ला ने बताया कि राम भगवान हम सभी के आदर्श हैं। हम सभी बचपन से लेकर अब तक रामायण पढ़ते और सुनते रहे हैं, जिसमें भगवान राम के जीवन की पूरी कहानी से हम सभी परिचित हैं। इसका नाट्य रूपांतरण भी टेलीविजन पर 'रामायणÓ सीरियल के रूप में सभी ने देखा है। ऐसे में देश के हर नागरिक की इच्छा रहती है कि वह भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या में जाकर वहां दर्शन करें और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्म स्थल पर पहुंचकर अपनी धोक लगाएं। इसी को ध्यान में रखते हुए अयोध्या यात्रा के आयोजन का सिलसिला शुरू किया जा रहा है।
हर माह एक वार्ड के लोग
शुक्ला के मुताबिक विधानसभा क्षेत्र में कुल 17 वार्ड हैं। इनमें से हर महीने 1 वार्ड के नागरिकों को अयोध्या दर्शन की यात्रा पर भेजा जाएगा। इस अयोध्या दर्शन अभियान की शुरुआत 18 दिसंबर से की जा रही है। इस दिन वार्ड क्रमांक 9 के 600 नागरिकों का जत्था अयोध्या की यात्रा पर रवाना होगा। इस यात्रा के लिए कांग्रेस नेता सर्वेश तिवारी और लवेश जायसवाल को संयोजक बनाया गया है। ध्यान रहे कि जिस वार्ड से इस यात्रा की शुरुआत की जा रही है उस वार्ड की पार्षद शुक्ला समर्थक अनिता तिवारी रही है। यह पहला मौका है जब इंदौर में किसी विधायक के द्वारा इस तरह से अपने विधानसभा क्षेत्र के हर वार्ड से इतनी बड़ी संख्या में नागरिकों को भगवान राम की जन्मभूमि की यात्रा पर ले जाया जा रहा है।

Please do not enter any spam link in the comment box.