लखनऊ । उप्र में सत्ता में वापसी के लिए हर जतन कर रही कांग्रेस पार्टी ने एक और चुनावी वादा किया है। इससे पहले पहली प्रतिज्ञा यात्रा निकालने के दौरान भी कांग्रेस महासचिव एवं उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी ने सरकार बनने पर कई घोषणा कर चुकी हैं। चुनाव नजदीक आते ही प्रियंका गांधी ने एक और चुनावी वादा किया है। इस बार उन्होंने आशा वर्करों को साधने की कोशिश की है। शाहजहांपुर की घटना का उल्लेख करते हुए प्रियंका गांधी ने इस दौरान यूपी की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता (आशा) कर्मियों के खिलाफ पुलिस द्वारा कथित तौर पर बल प्रयोग करने के मामले को लेकर बुधवार ट्वीट कर राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। अपने ट्वीट के साथ उन्होंने घटना का वीडियो भी शेयर किया है। उन्होंने कहा कि आशा बहन सम्मान की हकदार हैं और मैं इस लड़ाई में उनके साथ हूं। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी आशा बहनों के मानदेय के हक और उनके सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध है और सरकार बनने पर आशा बहनों एवं आंगनबाड़ी कर्मियों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह का मानदेय देगी। उन्होंने घटना एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, यूपी सरकार द्वारा आशा बहनों पर किया गया एक-एक वार उनके द्वारा किए गए कार्यों का अपमान है। मेरी आशा बहनों ने कोरोना में और अन्य मौकों पर पूरी लगन से अपनी सेवाएं दीं। मानदेय उनका हक है। उनकी बात सुनना सरकार का कर्तव्य है।