- इन लोगों ने अयोध्या में मंदिर बनाने पर तमाम तरह की बाधाएं पैदा की
- हम सभी को ऐसे पाले बदलने वाले लोगों के चरित्र को समझना जरूरी है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लोध-राजपूत सम्मेलन को सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की साढ़े चार वर्ष की उपलब्धि गिनाने के साथ पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के योगदान पर प्रकाश डालने के साथ विपक्षी दलों के भगवान श्रीराम पर उमड़े प्रेम को लेकर भी कटाक्ष किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लम्बे समय तक सत्ता का सुख लेने वाले वोट बैंक की खातिर भगवान श्रीराम को भी गाली देने से नहीं चूकते थे। इन लोगों ने अयोध्या में भगवान श्रीराम राम का मंदिर बनाने को लेकर तमाम तरह की बाधाएं भी पैदा की। इसके बाद आज समय ऐसा आ गया है कि यह सभी दल भगवान श्रीराम की शरण में हैं। जिस अयोध्या तक जाने से इनको परहेज था, आज हर दूसरे दिन कोई ना कोई नेता रामलला का आशीर्वाद लेने जरूर जाता है। आज ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के रामलला व हनुमान गढ़ी का दर्शन करने पर भी सीएम योगी आदित्यनाथ ने कटाक्ष किया।
उन्होंने कहा कि पहले राम को गाली देते थे अब लगता है कि राम के बगैर राम के बिना नैया पार नहीं होगी तो अयोध्या आ गए। उन्होंने कहा कि छह दिसम्बर 1992 को कोई ऐसी पार्टी नहीं जिसने कल्याण सिंह को कोसा नहीं हो। अब केजरीवाल से दिल्ली संभल नहीं रही है तो रामलला की शरण में आए हैं। इनसे दिल्ली संभलती नहीं और यूपी में फ्री-फ्री की बात करते हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में रामनवमी, दुर्गापूजा, रामलीला पर कर्फ्यू लग जाता था। प्रशासन का डंडा चलता था। अब ऐसा नहीं है। वह लोग आस्था को कैद रखते थे। अब ऐसा नहीं है। आप सभी ने देखा विजयदशमी आई तो खुलकर मनाई गई, वह भी कोरोना काल में भी। और अब धूम से दीपावली भी मनेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश तथा प्रदेश बीते कई महीनों से कोरोना वायरस संक्रमण से जूझा। पीएम मोदी के दिशा-निर्देशन में केंद्र तथा प्रदेश सरकार ने कोरोना महामारी से जूझते हुए सभी के प्राण की रक्षा का प्रयास किया। विपक्षी दल के नेता तो कहीं पर भी नहीं दिखे। केन्द्र व प्रदेश सरकार के साथ भाजपा व आरएसएस के लोग काम कर रहे थे। दूसरे दलों के लोग या तो घरों में सो रहे थे, या फिर आइसोलेशन में थे। अब तो चुनाव के दौरान भी उन पार्टियों को आइसोलेशन में ही रखना है। अरविंद केजरीवाल को लेकर उन्होंने कहा कि एक दिल्ली वाले हैं वो तो कोरोना में यूपी तथा बिहार के लोगों को दिल्ली से भगा दिए। चुनाव आया तो यूपी आ गए हैं। कोरोना काल में दिल्ली की सारी जनता उत्तर प्रदेश की ओर देख रही थी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा ने देश तथा प्रदेश को अपना परिवार माना है। उसी के तहत काम भी हो रहा है। गरीबों को पांच लाख रुपये का आयुष्मान भारत का कार्ड दिया गया तो कोरोना काल में गरीबों को फ्री में राशन दिया गया है। पहले किसी एक परिवार के लिए काम होते थे। अब पूरे प्रदेश को परिवार मानकर काम हो रहा। मोदी जी पूरे देश को परिवार मानकर काम कर रहे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजकल लखनऊ में एक पार्टी के मुखिया का विज्ञापन है कि मैं आ रहा। इसका मतलब अपहरण, गुंडागर्दी, मारपीट, लूट का संकेत दे रहे कि उनके आने से यही होगा। प्रदेश में उनकी सरकार आते ही आतंकियों का मुकदमा हटाना और कोसीकलां का दंगा शुरू होगा। फिर सिलसिला चलेगा। पहले हर तीसरे दिन यही होता था। हम सभी को उनके चरित्र को समझना जरूरी है।
Please do not enter any spam link in the comment box.