नई दिल्ली । देश में कोरोना की रोकथाम के लिए कोरोनारोधी वैक्सीन के शतक पूरे करने के बाद अब सियसत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर गलत जानकारियां देने और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस के प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने दावा किया है कि पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का पहला देश बना जहां टीकों की 100 करोड़ डोज दी गई है। जबकि 16 सितंबर, 2021 तक चीन में 200 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। खैर, राजनीति की इस खींचतान से अलग जानिए कि अभी तक इस वैश्विक महामारी से बचाव के लिए किस देश ने अपने नागरिकों को कितनी वैक्सीन लगाई है।
चीन : चीन ने दुनिया में सबसे तेज वैक्सीनेशन किया है। डेटा के अनुसार, चीन में अभी तक 223 करोड़ लोगों को कोरोना वायरस वैक्सीन की कम से कम एक डोज दी जा चुकी है। इसमें 105 करोड़ लोग ऐसे हैं, जिन्हें वैक्सीन की दो दो खुराक लगाई जा चुकी है। चीन में इस समय सिनोवेक की वैक्सीन ही लगाई जा रही है। हालांकि, इस वैक्सीन की प्रभावकारिता बाकी वैक्सीन की अपेक्षा काफी कम है। ऐसे में चीन में कोरोना वायरस के मामले फिर से तेज होते जा रहे हैं।
भारत : भारत में कोरोना वायरस वैक्सीन की 100 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी है। इसमें 29.4 करोड़ लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज दी गई है। अगर जनसंख्या के हिसाब से देखें, तो भारत में 21.3 फीसदी लोगों को कोविड वैक्सीन की दोनों खुराक दी जा चुकी है। भारत में कोवैक्सीन, कोविशील्ड और स्पूतनिक वैक्सीन दी जा रही है। एक दिन पहले ही भारत ने 100 करोड़ के वैक्सीनेशन के लक्ष्य को छुआ है।
अमेरिका : कोरोना वायरस वैक्सीनेशन के मामले में अमेरिका का दुनिया में तीसरा स्थान है। अमेरिका में अब तक 41.1 करोड़ लोगों को कोविड वैक्सीन की कम से कम एक डोज दी जा चुकी है। इसमें से 19 करोड़ लोग ऐसे हैं, जिन्हें दो वैक्सीन लगाई जा चुकी है। अमेरिका में बूस्टर डोज को लेकर भी बात चल रही है। अमेरिका में अब तक कुल आबादी के 57.6 फीसदी लोगों को कोविड वैक्सीन की दोनों डोज दी गई है।
ब्राजील ; दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील कोरोना वायरस महामारी से प्रभावित होने वाले टॉप 5 देशों में शामिल है। इस देश में अभी तक 26.1 करोड़ कोविड वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इसमें से 10.9 करोड़ लोग ऐसे हैं, जिन्हें दोनों डोज दिया जा चुका है। ब्राजील में अब तक 51 फीसदी लोगों को कोरोना वायरस वैक्सीन की दोनों डोज लगाई गई है।
जापान : तकनीक के मामले में दुनिया में शीर्ष पर काबिज देश जापान में कोरोना वायरस की 18.3 करोड़ डोज लगाई गई है। इसमें 8.69 करोड़ लोग ऐसे हैं जो पूरी तरह से वैक्सीनेटेड हैं। जापान ने अपनी कुल आबादी के 69 फीसदी लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज दे दी है।