भोपाल। 15 महीनों तक प्रदेश के  लोगों ने एक ऐसी सरकार को देखा है, जो सिर्फ बहाना बनाना जानती थी। कोई भी मांग हो, उस सरकार का जवाब एक ही होता था कि पैसे नहीं हैं। लेकिन प्रदेश में अब मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार है, जो बहानेबाजी नहीं, बल्कि मुश्किलों के बीच भी लोगों की मदद करना जानती है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए 8 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिये जाने की घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कही।
आलोक शर्मा ने प्रदेश के कर्मचारियों को महंगाई भत्ता दिये जाने संबंधी घोषणा के लिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और प्रदेश सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि कोरोना की दोनों लहरों ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। प्रदेश सरकार ने पीड़ितों के उपचार और महामारी नियंत्रण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानकर काम किया, जिससे आर्थिक संसाधनों पर अतिरिक्त भार पड़ा। प्रदेश की ऐसी आर्थिक स्थिति किसी भी सरकार के लिए खर्चों से बचने का उपयुक्त बहाना हो सकती है। लेकिन बहानेबाजी की बजाय शिवराज सरकार ने कुशल आर्थिक प्रबंधन के माध्यम से कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के लिए संसाधन जुटाने का रास्ता चुना। आलोक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की इस घोषणा से 6.70 लाख सरकारी कर्मचारी लाभान्वित होंगे, जिसके लिए मैं सभी कर्मचारियों को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सरकारी कर्मचारियों की बड़ी भूमिका है और उनकी आय बढ़ने से प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी सकारात्मक प्रभाव होंगे।