भोपाल। उपचुनाव वाली प्रदेश की खंडवा लोकसभा और पृथ्वीपुर, रैगांव तथा जोबट विधानसभाओं में पार्टी के विभिन्न कार्यक्रम लगातार चल रहे हैं। इसी के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के दौरे भी लगातार हो रहे हैं। 22 से लेकर 27 अक्टूबर तक पार्टी उपचुनाव वाले क्षेत्रों में नया अभियान शुरू करने जा रही है। इसके अंतर्गत पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करेंगे और भाजपा की विजय के लिए सहयोग मांगेंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री :भगवानदास सबनानी ने गुरुवार को मीडिया के साथ आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए कही। सबनानी ने कहा कि उपचुनाव वाले क्षेत्रों में पार्टी के सभी अभियान सफल रहे हैं। विजयादशमी पर सभी 3267 बूथों पर विजय संकल्प ध्वज फहराया गया। आज 21 अक्टूबर को पार्टी कार्यकर्ता जनसंघ के स्थापना दिवस को ‘दीपक से कमल तक’ की थीम पर मना रहे हैं। कमल की आकृति की रांगोली बनाकर उस पर दीप प्रज्जवलित किए जा रहे हैं। श्री सबनानी ने कहा कि अभियानों की इसी कड़ी में 22 से 27 अक्टूबर तक पार्टी उपचुनाव वाले क्षेत्रों में एक नया अभियान शुरू करने जा रही है। इसमें 22, 23 और 24 अक्टूबर को पन्ना प्रभारियों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। 24, 25 और 26 अक्टूबर को महासंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पार्टी नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करेंगे। इसके उपरांत उपचुनाव वाले सभी क्षेत्रों में 27 अक्टूबर को विजय संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ता ‘आओ मिलकर दीप जलाएं, घर-घर कमल खिलाएं’ का नारा लेकर घर-घर जाएंगे। लोगों को त्योहारों की शुभकामनाएं देंगे तथा विजय के लिए सहयोग मांगेंगे।

वरिष्ठ नेताओं के होंगे प्रवास
श्री सबनानी ने बताया कि उपचुनाव वाले क्षेत्रों में प्रदेश के मुख्यमंत्री :शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष :विष्णुदत्त शर्मा लगातार प्रवास कर रहे हैं। इन क्षेत्रों में प्रवास के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, केंद्रीय मंत्रियों के कार्यक्रम भी तय हो गए हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री :नरेंद्रसिंह तोमर 22-23 अक्टूबर को रैगांव और पृथ्वीपुर का दौरा करेंगे। 22-23 को ही प्रदेश की सह प्रभारी श्रीमती पंकजा मुंडे तथा राष्ट्रीय महासचिव :कैलाश विजयवर्गीय का खंडवा लोकसभा क्षेत्र में प्रवास होगा। केंद्रीय मंत्री :प्रहलाद पटेल 22, 23, 24 को पृथ्वीपुर, रैगांव के प्रवास पर रहेंगे। इसी तरह केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, डॉ. वीरेंद्र खटीक, उ.प्र. के उप मुख्यमंत्री :केशव प्रसाद मौर्य के प्रवास कार्यक्रम तय हो चुके हैं।

डॉक्टर्स, स्वास्थ्य कर्मियों का करेंगे अभिनंदन
देश में 100 करोड़ वैक्सीनेशन होने तथा प्रदेश के वैक्सीनेशन में नं.-1 बनने पर प्रदेश महामंत्री श्री सबनानी ने प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री :शिवराजसिंह चौहान तथा देश-प्रदेश की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आगामी तीन दिनों तक भारतीय जनता पार्टी 100 प्रतिशत वाले टीकाकरण केंद्रों के डॉक्टर्स, नर्सेज, स्वाथ्यकर्मियों और कोरोना वारियर्स का अभिनंदन करेगी।