बिलासपुर। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत नेहरू चौक में 31 अक्टूबर को मानवश्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय एकता को प्रदर्शित किया जाएगा। होंगे हाथों में हाथ थीम पर नेहरू चौक से मंगला चौक तक स्वंयसेवकों के साथ बिलासपुर के नागरिक इसमें भाग लेगें। मुख्य अतिथि के रूप में आइजी रतनलाल डांगी शहरवासियों का उत्साहवर्धन कर राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे।
राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डा.मनोज सिन्हा ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर सरदार वल्लभ भाई पटेल को याद करेंगे। जिन्हें पूरी दुनिया लौह पुरुष के नाम से जानती है। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए लौह पुरुष की अहम भूमिका रही है।
प्रात: आठ बजे मानवश्रृंखला को आइजी डांगी हाथ मिलाकर राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे। इस दौरान सभी को संकल्प भी दिलाया जाएगा। कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.अरुण दिवाकर नाथ वाजपेयी,कुलसचिव प्रो.सुधीर शर्मा मुख्य रूप से अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
स्वंयसेवकों की जोरदार तैयारी
राष्ट्रीय एकता दिवस को लेकर स्वंयसेवक जोरदार तैयारी में जुट गए है। बिलासपुर जिले के सभी स्कूल, कालेज और यूटीडी के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम अधिकारी भी इसमें शामिल होंगे। स्वंयसेवकों को समय से 30 मिनट पहले बुलाया गया है। जिससे की नेहरू चौक में व्यवस्था बनाई जा सके। यातायात प्रभावित न हो इसका भी पूरा ख्याल रखा जाएगा।

Please do not enter any spam link in the comment box.