फतेहपुर। फतेहपुर जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 साल की दलित किशोरी को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। जहानाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) केशवदास वर्मा ने शनिवार को बताया क्षेत्र के एक गांव की 16 साल की दलित किशोरी को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात गुरुवार रात की है। पीड़िता के परिजनों ने उसे (पीड़िता को) शुक्रवार सुबह आरोपी युवक के घर से बरामद कर मामला दर्ज करवाया है। वर्मा ने बताया कि पीड़िता गुरुवार की रात घर के बाहर छप्पर में सो रही थी, तभी आधी रात को गांव का 22 वर्षीय युवक उसे अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
एसएचओ ने बताया कि शुक्रवार सुबह परिजन और ग्रामीणों ने पीड़िता को आरोपी युवक के घर से बरामद कर पुलिस को इस बारे में सूचित किया। वर्मा ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देने, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निरोधक) अधिनियम (एससीएसटी एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया और शनिवार को पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
Please do not enter any spam link in the comment box.