पटना । बर्थडे के नाम पर होटल में प्रेमिका को बुलाकर जबरन दुष्कर्म करने और फिर शादी से इनकार करने का मामला पटना में सामने आया है। घटना राजधानी के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र की है। इस बाबत प्रेमिका ने प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित राहुल कुमार को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया। इस दौरान थाने में काफी ड्रामा भी हुआ। लड़के के घरवाले पहुंचकर शादी के लिए मान जाने की बात कहने लगे। लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। बताया जाता है कि युवक-युवती दोनों का घर आसपास ही है।
11 सितंबर को बाइपास के होटल में किया दुष्कर्म
युवती ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि राहुल कुमार से उसका प्रेम संबंध था। वह अक्सर उसे शादी का झांसा देता था। इसी दौरान बीते 11 सितंबर को उसने बताया कि उसका आज बर्थडे है। इसके बाद उसने उसे बाइपास इलाके के एक होटल में बुलाया। वह उसकी बातों पर भरोसा कर चली गई। लेकिन वहां पहुंची तो होटल के कमरे में राहुल अकेले था। वहां वह पांच घंटे रही। इस दौरान दो बार राहुल ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर फिर शादी का झांसा दिया। लेकिन बाद में वह शादी से मुकर गया। इसके बाद उसने परिवारवालों को घटना की जानकारी दी।
बताया गया है कि लड़की अपने घरवालों के साथ राहुल के घर पहुंची। वहां शादी का दबाव बनाया। लेकिन उसके घर वाले पूरी तरह मुकर गए। लड़के की मां लड़की पर गंभीर आरोप लगाने लगी। इसके बाद दो बार पंचायत भी हुई लेकिन वे लोग नहीं माने। तब बुधवार को लड़की थाने पहुंची और दुष्कर्म की एफआइआर करा दी। लड़की थाने में ही थी इस दौरान पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर ले आई। इधर गिरफ्तारी के बाद लड़के के घर वालों ने सूचना दी कि वे शादी के लिए तैयार हैं। लेकिन पुलिस ने कहा कि अब एफआइआर हो चुकी है। इसलिए अब जो भी होगा वह कोर्ट से ही। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया।
Please do not enter any spam link in the comment box.