भोपाल में नृशंस हत्या:बाथरूम में मिला महिला का शव; 3 दिन पहले तार से गला घोंटकर मारा गया, संदेही पति की तलाश, 12 साल पहले लव मैरिज की थी
- झगड़े के बाद पति बाहर से ताला लगाकर बच्चों को लेकर गायब हो गया
भोपाल में एक महिला की सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस को महिला का शव घर के बाथरूम में मिला। उसके गले में तार मिले हैं। संदेह के घेरे में आया उसका पति करीब तीन दिन पहले घर के बाहर से ताला लगाकर बच्चों को अपने माता-पिता के घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। दोनों ने करीब 12 साल पहले लव मैरिज की थी।
अयोध्या नगर के गणपति होम्स कॉलोनी के एक मकान से मंगलवार दोपहर अयोध्या नगर पुलिस को बदबू आने की सूचना मिली। एएसपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि पड़ोसियों ने बताया कि यहां पर प्रशांत पटेल अपनी पत्नी राखी पटेल और बेटा-बेटी के साथ रहता है। पुलिस ने संदेह के आधार पर दरवाजे पर लटका ताला तोड़ दिया।
तलाशी करने पर बाथरूम में एक महिला की लाश मिली। शव तीन दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था। महिला की शिनाख्त राखी पटेल के रूप में हुई। पड़ोसियों ने बताया कि करीब तीन दिन पहले रात में प्रशांत और राखी का जमकर झगड़ा हुआ था। कुछ देर बाद प्रशांत दोनों बच्चों को लेकर बाहर आया और घर पर ताला लगाकर चला गया। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं।
घर पर झूठ बोलकर निकला
एएसपी भदौरिया ने बताया कि पुलिस ने जब गैतरगंज में प्रशांत के परिजनों से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि प्रशांत तीन दिन पहले आया था। उसने बताया कि राखी को दिल्ली में जॉब के सिलसिले में काम है। इसलिए वह वहां गई है। बच्चों को यहीं पर छोड़कर वह चला गया। उसके बाद से उसका फोन बंद है।
12 साल पहले लव मैरिज की थी
परिजनों के अनुसार प्रशांत और राखी ने 12 साल पहले लव मैरिज की थी। राखी पहले प्राइवेट जॉब करती थी। प्रशांत भी प्राइवेट जॉब करता है। उनका लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। प्रशांत की तलाश की जा रही है। उसके पकड़े जाने के बाद ही घटना के बारे में पता चल पाएगा।
Please do not enter any spam link in the comment box.