महेंद्रगढ़ जिला आपराधिक घटनाओं का गढ़ बन चुका है। आलम ये है कि धार्मिक स्थल तक नहीं बख्शे जा रहे। रविवार देररात चोरों ने नारनौल शहर के मोहल्ला फ्रांसखाना स्थित श्री सूर्यनारायण भगवान के प्राचीन मंदिर को अपना
टारगेट बनाया। मंदिर का ताला तोड़कर चोर बेशकीमती मूर्तियां, चांदी के छतर, बांसुरी व चांदी के मुकुट ले गए। सोमवार सुबह जब पुजारी पूजा के लिए मंदिर में पहुंचे तो टूटे ताले देख हैरान रह गए।
उन्होंने फौरन चोरी की जानकारी आसपास के लोगों व पुलिस को दी। सूचना देने के दो-तीन घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। बाद में पुलिस ने पुजारी के बयान पर कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इधर, मंदिर में हुई चोरी की इस बड़ी वारदात ने एक बार फिर पुलिस की नाकामी को उजागर किया है। क्योंकि जिले के नए पुलिस कप्तान ने नारनौल शहर में आपराधिक मामलों को रोकने के लिए हाल ही में शहर में 8 पुलिस नाके लगाए हैं।
चार-पांच ताले तोड़कर मूर्तियों तक पहुंचे
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात चोर मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद चोरों ने अंदर ठाकुरजी दरबार के दो ताले तोड़े। इसके अलावा टीवी के केबिन का ताला तोड़ा। इस प्रकार चोरों ने मंदिर में चार-पांच ताले तोड़कर अंदर स्थापित की गई अष्टधातु की चार बेशकीमती मूर्तियों (राधा, कृष्ण, लड्डू गोपाल व मां भगवती) तक पहुंचे।
इसके अलावा चोर मंदिर से चांदी का छतर, चांदी की बांसुरी, चांदी का एक बड़ा मुकुट तथा चांदी के 8 छोटे मुकुट, टीवी व बाल्टी आदि सामान भी चुरा ले गए। सोमवार सुबह जब पुजारी अमित कुमार मंदिर पहुंचे तो मेन गेट का ताला टूटा देखा।
चोरी का शक होने पर अंदर जाकर देखा तो सैकड़ों साल पुरानी अष्टधातु की राधा, कृष्ण, लड्डू गोपाल व मां भगवती की मूर्तियां, चांदी का छत्तर व मुकुट आदि सामान गायब मिला। इस पर पुजारी ने आसपास के लोगों व पुलिस को जानकारी दी। दो-तीन घंटे बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया तथा पुजारी के बयान दर्ज किए।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर लोगों ने खड़े किए सवाल
शहर के लोगों ने चोरी की इस वारदात को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि शहर में एक पखवाड़े पहले रंगदारी मांगने तथा फायरिंग कर दहशत फैलाने के दो बड़े मामले हुए। इसके बाद शहर के महेंद्रगढ़ रोड पर पुलिस कप्तान के निवास के निकट से बदमाश बुजुर्ग से दिनदहाड़े रुपए छीन ले गए थे। इसके बाद भी मुस्तैद नहीं हुई। इसी के परिणाम स्वरूप चोर रविवार रात प्राचीन श्री सूर्यनारायण भगवान मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर सुरक्षित बच निकले। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शहर में 8 पुलिस नाके फिर भी बच निकले चोर
ऐसे में शहर में 8 पुलिस नाकों के बावजूद चोर बड़ी वारदात को अंजाम देकर कैसे सुरक्षित बच निकले। इससे सोचा ही जा सकता है कि जिला पुलिस अपनी ड्यूटी के प्रति कितनी सजग है। दूसरी ओर शहर के लोगों ने चोरी की घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस पर देरी से पहुंचने का आरोप लगा रोष जताया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from KAPS Krishna Pandit

Please do not enter any spam link in the comment box.