जिले में कोरोना की रफ्तार पर अभी लगाम नहीं लग पाई है। बुधवार को 61 नए केस मिले। इनके साथ ही संक्रमित होने वालों की संख्या 3600 का आंकड़ा पार कर गई। अब तक 3658 लोग संक्रमित मिले हैं। कोरोना ने एक और जिंदगी भी छीन ली। संक्रमित मिलने के बाद मरने वालों की संख्या 24 हो गई है। बुधवार को जिला सचिवालय में कोविड मैनेजमेंट की बैठक भी हुई, इसमें कोरोना को रोकने के लिए समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में अब 34 दिन में केस दोगुना हो रहे हैं।
जबकि यहां की रिकवरी रेट 86.12 फीसदी है। यानी कि कुल संक्रमितों में इतने लोग स्वस्थ हो रहे हैं। विभाग द्वारा अभी तक 45325 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें पॉजिटिव मिले 3658 में से 3145 मरीज संक्रमण को हरा चुके हैं। अब जिले में कोविड पॉजिटिव के 489 एक्टिव केस रह गए हैं। जबकि 40995 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है तथा शेष 672 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है।
नए केस शहर में 24 संक्रमित बढ़े
मेडिकल हेल्थ बुलेटिन के अनुसार नए 61 केस में से 24 रेवाड़ी शहर के हैं। जबकि 12 धारूहेड़ा, 5 बावल, 4 कोसली, 2-2 भुरथला, नांधा व भुरियावास तथा एक-एक केस बालावास, बासदूधा, भाकली, भाड़ावास, ढ़ाणी जोरावत, दुलाहेड़ा कलां, गुमिना, जाट सायरवास, सुधराना, कुण्डल डुंगरवास से संबंधित हैं। 47 कॉविड पॉजिटिव ठीक भी हुए हैं, जिनमें से 24 रेवाड़ी शहर, तीन सुठाना, दो-दो धारूहेड़ा, बावल, कोसली व हालुहेड़ा तथा एक-एक जखाला, आसलवास, भैरमपुर, बास बिटौडी, जैतड़ावास, जखाला, जलियावास, लिसाना, किशनगढ़, बालावास धारण, नांधा व फिदेड़ी से संबंधित हैं।
इधर, नंदरामपुर बास में डेंगू से 7 वर्षीय बच्ची की मौत
गांव नंदरामपुर बास में एक 7 वर्षीय बच्ची की बुखार के बाद प्लेटलेट्स कम होने से मौत हो गई। मौत का कारण डेंगू बताया जा रहा है। होशियार सिंह की 7 वर्षीय बच्ची को बुखार हुआ था। उसे इलाज के लिए अस्पताल में ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के दौरान बताया कि बच्ची को डेंगू है। क्षेत्र में नालियों की खुदाई के कारण मच्छर पनप रहे हैं इन्हीं मच्छर की वजह से बच्ची बीमार हुई, जिसे पहले बुखार के चलते भिवाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर डेंगू की पुष्टि होने पर बच्ची को इलाज के लिए गुड़गांव ले जाया गया वहांं इलाज के दौरान तबीयत बिगड़ने पर बच्ची की मौत हो गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from KAPS Krishna Pandit

Please do not enter any spam link in the comment box.