हरियाणा के करीब 22 लाख लोग कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद ठीक हो चुके हैं। इन लोगों को पता भी नहीं लगा कि कब वे संक्रमित हुए। राज्य में डिपार्टमेंट ऑफ कम्युनिटी मेडिसिन एंड स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ और पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के सहयोग से 18905 लोगों पर किए गए सीरो सर्वे में 8 फीसदी लोगों में एंटीबॉडी मिले हैं। राज्य की वर्तमान अनुमानित आबादी 2.80 करोड़ है।
ऐसे में आठ फीसदी में 22 लाख 40 हजार आबादी दायरे में आती है। इनमें ज्यादातर में लक्षण दिखाई नहीं दिए। प्रदेश में 19 से 21 अगस्त तक 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों पर यह सर्वे किया गया था। प्रदेश में सबसे ज्यादा फरीदाबाद जिले में संक्रमण मिला। यहां हर चौथा व्यक्ति यानी 25.8% लोगों में संक्रमण होकर निकल चुका है। इसके बाद नूंह ऐसा जिला है, जहां 20 प्रतिशत से ज्यादा संक्रमण सामने आया है।
सबसे कम मात्र 1.1 प्रतिशत संक्रमण रोहतक में सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि 10 जिलों में पुरुषों से ज्यादा महिलाओं में एंटीबॉडी मिला है। जबकि बात ओवरऑल की की करें तो 7.86 प्रतिशत महिलाएं और 8.06 प्रतिशत पुरुष वायरस के संपर्क में आ चुके हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम संक्रमण को रोकने में सफल रहे हैं। दूसरे राज्यों के मुकाबले हरियाणा की स्थिति काफी बेहतर है। राज्य में संक्रमण का स्तर देखने के लिए यह सर्वे किया गया, जिसमें सामने आया कि शहरी क्षेत्रों में संक्रमण का स्तर ज्यादा है। बता दें कि प्रदेश में पहले पांच जिलों में सीरो सर्वे किया गया था। उनमें 11.9 प्रतिशत लोगों में एंटीबॉडी मिला था। सर्वे के लिए सभी जिलों में शहरी क्षेत्रों में 350 और ग्रामीण क्षत्रों में 500 लोगों के सैंपल लिए गए।
एक नजर में जानिए हरियाणा की स्थिति
- 18905 कुल सैंपल लिए गए।
- 1504 में पॉजिटिव मिले।
- 19 सैंपल रिपोर्ट सही नहीं आई।
- 5 सैंपल रिजेक्ट हुए।
- 42 की रिपोर्ट खाली रही।
ग्रामीण क्षेत्र की स्थित
- 11432 सैंपल लिए
- 788 में मिली एंटी बॉडी
- 6.9 प्रतिशत
शहरी क्षेत्र की स्थित
- 7470 सैंपल लिए
- 716 में एंटी बॉडी
- 9.59 प्रतिशत
कैटेगिरी
महिला: 9577 की हुई जांच,753 में मिली एंटीबॉडी,7.86 प्रतिशत
पुरुष: 9310 की हुई जांच,750 में मिली एंटीबॉडी,8.06 प्रतिशत

जिनमें एंटीबॉडी मिला, उनमें ये हुई थी दिक्कत
जिन लोगों में एंटीबॉडी मिला, उनसे एक माह की स्थिति पूछी गई। जिसमें बताया कि किसी को सिरदर्द हुआ तो कई ने खांसी-जुकाम, बदन दर्द, गले में खराबी, सांस लेने में दिक्कत बताई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इनके लिए गए थे सैंपल
आम लोगों के अलावा ड्राइवर, हेल्थ वर्कर, पुलिस कर्मचारी, प्रवासी मजदूर, दुकानदारों के सैंपल लिए। सर्वे में कुछ कंटेनमेंट जोन में रहने वाले व्यक्तियों को शामिल किया।
नौ जिलों में औसत 8% से ज्यादा संक्रमण का स्तर
प्रदेश में नौ जिलों में हरियाणा के औसत 8% से ज्यादा लोगों में एंटीबॉडी मिला है। इसमें फरीदाबाद, नूंह, सोनीपत, गुड़गांव, करनाल, जींद कुरुक्षेत्र, चरखी दादरी व यमुनानगर हैं।
नौ जिलों में 5 प्रतिशत से कम लोगों में संक्रमण
नौ जिलों मे 5% से कम लोगों में एंटीबॉडी है। सबसे कम रोहतक में 1.1 व कैथल में 1.7% है। 5% से कम वाले जिलों में भिवानी, फतेहाबाद, महेंद्रगढ़, हिसार और सिरसा हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from KAPS Krishna Pandit

Please do not enter any spam link in the comment box.