खरीफ की फसल की खरीद को लेकर सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीफ की फसल मंडियों में आने वाली है। यहां किसी भी किसान को कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। मंडियों में शैड, सड़कें, पैकेजिंग के लिए बैग, तुलाई मशीनें आदि ठीक कर लें। कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चौटाला ने अधिकारियों से कहा कि एक अक्टूबर से खरीफ की फसल की खरीद प्रस्तावित है। सार्वजनिक खाद्य वितरण प्रणाली के लिए खरीदी जाने वाली धान की खरीद एक अक्टूबर के बजाय 25 सितंबर से शुरू करने की अनुमति देने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा जाए।
डिप्टी सीएम ने बताया कि किसानों को धान की खरीद के लिए 200 खरीद केंद्र ज्यादा बनाए जाएंगे। दुष्यंत ने बताया कि बाजरे की अच्छी पैदावार वाले जिले हिसार, सिरसा, भिवानी पिछले साल के मुकाबले खरीद केंद्र करीब दोगुने कर दिए गए है।
इसी तरह मूंग की खरीद के लिए भी 15 से बढ़ाकर 30 खरीद केंद्र बनाने का फैसला लिया गया है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मक्का, कपास व गन्ना की फसल खरीदने को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा हुई है और अगली बैठक में अधिकारी इस संबंध में रिपोर्ट देंगे।
इधर, डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हिसार एयरपोर्ट पर टैक्सी-वे का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही रन-वे एक्सटेंशन का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिसार एयरपोर्ट को लेकर पर्यावरण विभाग की एनओसी इसी माह मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि रन-वे एक्सटेंशन का कार्य भी जल्द ही शुरू हो जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from KAPS Krishna Pandit

Please do not enter any spam link in the comment box.