कांग्रेस विधायक शमशेर सिंह गोगी ने कहा कि भाजपा किसानों और आढ़तियों के कारोबार को खत्म करना चाहती है। इसी दिशा में भाजपा सरकार काम कर रही है। 26 अगस्त को विधानसभा का सत्र शुरू होगा, जिसमें लॉकडाउन के दौरान हुए शराब घोटाले, पैडी स्कैम, रजिस्ट्री घोटाले बारे सरकार से जवाब मांगा जाएगा। विधायक शमशेर सिंह गोगी अनाज मंडी में कांग्रेसी नेता सुरजीत राणा के आवास पर पत्रकारवार्ता के दौरान बोल रहे थे।
विधायक गोगी ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल असंध आए थे। उन्होंने असंध में कई घोषणाएं की थी। लेकिन बहुत सी घोषणाएं ऐसी हैं, जिन पर अभी तक कोई काम नहीं हुआ है। इस बारे में विधानसभा में पूछा जाएगा। गोगी ने कहा कि असंध में स्पोर्ट्स कॉलेज, सरकार की स्कीम के तहत हर दस किलोमीटर पर वूमेन कॉलेज बनाने की योजना के तहत जलमाना में गर्ल्स कॉलेज और बल्ला में पॉलिटेक्निक कॉलेज बनवाने की मांग रखी जाएगी। सालवन गांव में तीर्थ की जगह को विकसित करने की मांग रखी जाएगी। गोगी को जन आवाज सोसायटी के प्रधान जोगिंद्र स्वामी ने ज्ञापन सौंपा।
सरकार किसानों से उनकी भूमि छीन कर मजदूर बनाना चाहती है : शमशेर
स्थानीय नई अनाज मंडी में भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसान पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत की अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने की। जबकि कांग्रेस विधायक शमशेर सिंह गोगी को पंचायत में बुलाकर किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। किसानों ने विधायक से विधानसभा सत्र में किसानों की समस्याओं को उठाने की मांग की गई। कांग्रेस विधायक शमशेर सिंह गोगी ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार किसानों से उनकी भूमि छीनकर उन्हें दिहाड़ीदार मज़दूर बनाना चाहती है।
कॉन्ट्रेक्ट खेती व न्यूनतम समर्थन मूल्य क़ानून में छेड़छाड़ इसी का एक प्रयोग है। उन्होंने किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि वो एकजुट होकर यदि सरकार के किसान विरोधी फैसलों का विरोध करेंगे तो सरकार को मजबूरी में अपने फैसले वापस लेने पड़ेंगे। भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने भाजपा सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि किसान विरोधी अध्यादेश की आड़ में किसानों की गर्दन को नहीं कटने दिया जाएगा। इस दौरान ब्लाक प्रधान जोगिंद्र सिंह झिंडा, रणजीत सिंह जलमाना, रामदिया, लक्खा सिंह, सहिंदर सिंह, बावा सिंह, अमरीक सिंह, जज सिंह, निशाबर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from KAPS Krishna Pandit

Please do not enter any spam link in the comment box.