मॉडल टाउन में रहने वाले अनिल कुमार ने 2 युवतियों व एक युवक पर बिजनेस के बहाने होटल में बुलाकर मोबाइल और 40 हजार रुपये छीनने और फिर रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस को शिकायत देकर तीनों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।
पुलिस को अनिल कुमार ने बताया कि पेशे से कबाड़ का काम करता हूं। मेरी बरवाला की एक युवती से पुरानी जान पहचान थी। उसने 15 अगस्त को मुझसे संपर्क साधा था। बोली कि मार्केट में मिलकर पैसा लगाकर कोई काम करते हैं। बिजनेस की बात करने के लिए 17 अगस्त को होटल मून में बुलाया था। वहां पर दादरी की रहने वाली युवती मौजूद थी। मैंने उससे अपनी महिला परिचित के बारे में पूछा था। बोली कि वह अभी आएगी। आरोप है कि उसने मेरा मोबाइल व पर्स छीन लिया था। उसमें 40 हजार रुपये थे। इसके बाद उसने मुझे वहां से धमकाकर भगा दिया था।
इसके बाद मेरे घर पर फोन करने लगे। मेरे फोन को लेकर कहा कि यह सड़क पर मिला है। इसे लेने आ जाओ। ऐसे में मेरी पत्नी व परिवार वालों को फोन देने के बहाने इधर-उधर घुमाया। काफी देर बाद डाटा डिलीट करके मेरा फोन पकड़ा दिया था। आरोप है कि युवक सौरभ व दाे युवतियां मेरे घर आए थे। बोले कि आपने लड़की के साथ रेप किया है। पांच लाख रुपये देकर मामला रफा-दफा कर लो। इसके बाद बोले कि ऐसा नहीं किया तो रेप केस में फंसा देंगे।
हमारे पास रिकॉर्डिंग भी है। आरोप है कि लगातार फाेन करके रुपये मांग रहे हैं। नहीं देने पर झूठे केस में फंसाकर बदनाम करने की कह रहे हैं। अनिल कुमार ने रुपये देने की बजाय पुलिस को शिकायत देकर तीनों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। इनमें से 2 दादरी व एक युवती बरवाला की रहने वाली है। अर्बन एस्टेट थाना एसएचओ प्रह्लाद राय ने बताया कि युवक-युवतियों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं। इनकी गिरफ्तारी के बाद पता चलेगा कि कितने रुपये वसूले हैं और कितने लोगों को शिकार बना चुके हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from KAPS Krishna Pandit

Please do not enter any spam link in the comment box.