मास्क लगाए बिना सामान बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ नगर निगम टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने जगाधरी में बिना मास्क वाले 9 दुकानदारों व सोशल डिस्टेंसिंग न अपनाने पर एक दुकानदार का चालान किया। मास्क न पहनने पर सेनेटरी इंस्पेक्टर स्कूल रोड स्थित आयुर्वेदिक दुकान के संचालक का चालान करने लगे तो वह उन पर भड़क गया। आरोप है कि इस दौरान निगम अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। टीम की पूरी कार्रवाई में कुल 10 दुकानदारों के चालान से 5000 रुपए की राशि वसूल की गई।
सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज ने बताया कि कमिश्नर धर्मवीर सिंह के निर्देशों पर शुक्रवार को जगाधरी के पुराना छछरौली रोड, स्कूल रोड, चौक बाजार, खेड़ा बाजार व अन्य बाजारों में मास्क ना पहनने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की गई। उनके साथ सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप दहिया, हरनेक सिंह, प्रवीण, सन्नी, रमेश, संगत राम, सुनील व हरप्रीत की टीम में शामिल थे। टीम ने पुराना छछरौली रोड पर बिना मास्क सामान बेच रहे करियाना दुकानदार का चालान किया।
इसके बाद स्कूल रोड पर मनियारी की दुकान, आयुर्वेदिक दुकान, बर्तन बाजार में ज्वेलर्स, चौक बाजार में बर्तनों की दुकान, खेड़ा बाजार में ज्वेलर्स, चौक बाजार में बर्तन की दुकान, सुच्चा पतंग वाला, रेलवे रोड पर बर्तन की दुकान व निगम ऑफिस के सामने गारमेंट की दुकान के संचालक का चालान किया। इनमें से एक दुकानदार का सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने पर चालान किया। स्कूल रोड पर जब एक आयुर्वेदिक दुकान पर टीम पहुंची तो दुकानदार बिना मास्क मिला। उसका चालान करने लगे तो वह उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। उसे समझाया और कोविड-19 का खतरा बताते हुए बचने के उपाय बताए लेकिन वह उन पर भड़क गया। निगम की टीम ने उसका चालान किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hkUncx

Please do not enter any spam link in the comment box.