सागर में टिकट नहीं होने पर, एक TC ने महिला यात्री से रेप कर दिया।
![](https://pradeshlive.com/wp-content/uploads/2022/06/download-5.jpg)
सागर टिकट नहीं होने पर एक TC ने महिला यात्री से रेप कर दिया। घटना शनिवार रात की है। महिला ने रविवार को कैंट थाने पहुंचकर आरोपी TC के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जीरो पर केस दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर GRP के हवाले कर दिया है। पुलिस के अनुसार, महिला और उसका पति शनिवार को गुना से सागर के लिए निकले थे। सागर के मकरोनिया में महिला का मायका है। उन्हें भागलपुर एक्सप्रेस से आना था। वे शाम 4.30 बजे गुना स्टेशन पहुंचे। पत्नी को ट्रेन में बैठाकर पति टिकट लेने चला गया। इतने में ट्रेन चल पड़ी और पति स्टेशन पर ही छूट गया। महिला रात 8.15 बजे सागर पहुंच गई। प्लेटफार्म नंबर-1 पर उतरते ही ड्यूटी कर रहे TC राजूलाल मीणा ने महिला से टिकट मांगा। महिला ने टिकट नहीं होने और पति के गुना स्टेशन पर छूट जाने की बात कही। कहा- टिकट पति के पास ही है। इस पर TC महिला से बोला- तुम्हारा चालान कटेगा। मेरे साथ बड़े साहब के पास चलो, नहीं तो FIR हो जाएगी। डर की वजह से महिला TC के साथ चली गई। आरोपी TC उसे पंचशील पेट्रोल पंप के सामने रेलवे क्वार्टर ले गया। कमरे में महिला के साथ जबरदस्ती की। रात 9.30 बजे महिला को जाने दिया।
पति के साथ थाने पहुंचकर की शिकायत
घटना के दूसरे दिन रविवार को महिला ने पति के साथ कैंट थाने पहुंचकर शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी TC के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कैंट थाना प्रभारी गौरव तिवारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर जीरो पर दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। केस डायरी GRP को भेज दी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर GRP को सौंप दिया है। आगे की जांच GRP करेगी। वहीं GRP सागर के जांच अधिकारी शशि दुबे ने बताया कि महिला यात्री के पास टिकट नहीं होने पर आरोपी टीसी उसे जुर्माना भरने की बात कहकर अपने कमरे पर ले गया था। जहां महिला के साथ गलत काम किया। आरोपी टीसी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
Please do not enter any spam link in the comment box.