
भोपाल । महंगाई, बेरोजगारी, प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड के माध्यम से होने वाली भर्ती की गड़बड़ी को लेकर मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस गुरुवार को प्रदर्शन कर रही है। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता लिंक रोड – 1 पर व्यापमं चौराहे से CM हाउस की ओर बढ़ गए हैं। रेडक्रास अस्पताल के सामने पुलिस ने सभी को बैरिकेड लगाकर रोक लिया है। इस दौरान पुलिस की युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से बहस भी हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियो को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान पुुलिस ने अरुण यादव, वीबी श्रीनिवास, विक्रांत भूरिया समेत कुछ नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठे, लेकिन पुलिस ने लाठियां भांजते हुए उन्हें वहां से खदेड़ दिया।
बैरिकेडि्ंग कर रास्ते रोके, वॉटर कैनन बुलाई
पुलिस ने 74 बंगला, व्यापमं चौराहा, पांच नंबर और विधानसभा रोड पर बैरिकेड्स लगाए हैं। ताकि कांग्रेसी आगे नहीं बढ़ सके। वॉटर कैनन भी आ चुकी है। जिसकी पुलिस ने टेस्टिंग की है। डीआईजी इरशाद वली खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। मुख्यमंत्री निवास जाने वाले दोनों तरफ भी पुलिस तैनात की गई है। पुलिस ने कांग्रेसियों को घसीट-घसीट कर बस में बैठाया। प्रदर्शकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठियां भी चलाईं। इस बीच कुछ महिला कार्यकर्ता सामने आ गईं। उनका आरोप है, पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया है। वहां महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं। पुलिस ने करीब 300 से 400 कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार भी किया है। सभी कार्यकर्ताओं को रातीबड़ ले जाया गया है। बाद में इन्हें कार्रवाई के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति के बुधवार को लिंक रोड पर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय युवक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, युवक कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विक्रांत भूरिया, विधायक कुणाल चौधरी व जिला अध्यक्ष नरेंद्र यादव पर नामजद और बाकी प्रदर्शनकारियों पर धारा 188 के उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है।
Please do not enter any spam link in the comment box.