रायसेन, 07 फरवरी 2022
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा संचालित महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन कलेक्टर श्री अरविन्द दुबे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया। कार्यशाला में कलेक्टर श्री दुबे ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता है, जिले में भी महिलाओं की सुरक्षा के लिए कार्य किए जा रहे हैं। कार्यशाला के प्रारंभ में कलेक्टर श्री दुबे, पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार शहवाल तथा जिला पंचायत सीईओ श्री पीसी शर्मा द्वारा परियोजना की पत्रिका एवं चित्र का विमोचन किया गया।
कलेक्टर श्री दुबे ने कहा कि मप्र टूरिज्म बोर्ड द्वारा भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की निर्भया योजना के अंतर्गत महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना का संचालन, पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु महिलाओं का कौशल विकास, बालिकाओं एवं महिलाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण, पर्यटन स्थलों एवं निकटस्थ क्षेत्रों में स्थानीय निकायों द्वारा आधारभूत सुविधाओं का उन्नयन, जागरूकता एवं संवेदीकरण गतिविधियां की जा रही है। उन्होंने कहा कि परियोजना के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला प्रशासन द्वारा हर संभव मदद की जाएगी।
कार्यशाला में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड भोपाल की सलाहकार वर्षा परिहार ने परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं हेतु सुरक्षित माहौल बनाने के लिए एक ओर जहाँ हमें सामाजिक सम्वेदनशीलता और नीतिगत निर्णयों के लिए पैरवी करना होगा, वहीं आधारभूत संरचनात्मक ढांचे को भी बेहतर बनाना होगा। इस परियोजना में यह दोनों ही कार्य मध्यप्रदेश शासन द्वारा किए जा रहे हैं। इस परियोजना के अंतर्गत पर्यटन स्थलों को महिलाओं हेतु सुरक्षित एवं भयमुक्त बनाना है। इसके लिए इन स्थलों के आसपास की महिलाओं एवं लड़कियों को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी जा रही है। साथ ही महिलाओं को रोजगार से जोड़ने उन्हें ई-रिक्शा, टूरिस्ट गाईड, सिक्युरिटी गार्ड, पंप पर काम करने हेतु एवं अन्य कार्यो की ट्रेनिंग दी जाएगी एवं रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यशाला में अशासकीय संस्था संगिनी व समर्थ की जेंडर कंसल्टेंट अपूर्वा सांडिल्य ने संस्था एवं किये जा रहे कार्यो पर जानकारी दी। समर्थ संस्था भोपाल से मंजू शर्मा ने सांची एवं हलाली, सोनारी (सलामतपुर) में कार्यो एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के सम्मिलित प्रयास से ही परियोजना का सफल होना संभव है और हमें आशा है कि सभी विभागों का सहयोग मिलेगा। कार्यशाला में जिला महिला बाल विकास अधिकारी श्री दीपक संकत, सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री सहित अन्य जिला अधिकारी एवं श्री हेमंत भारद्वाज, श्री राम विश्वकर्मा एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Please do not enter any spam link in the comment box.