भोपाल । आगामी एक फरवरी से मध्यप्रदेश कांग्रेस घर-घर चलो अभियान प्रारंभ करेगी। इस अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता आमजनों के घरों तक पहुंचकर प्रदेश की भाजपा सरकार की असफलताओं से लोगों को अवगत कराएंगे। साथ पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराकर पार्टी से जोडने का काम भी किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस के सदस्यता अभियान को भी गति दी जाएगी। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को शनिवार को नई दिल्ली में हुई मुलाकात में दी। साथ ही बताया कि संगठन ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बताया कि कमल नाथ ने राहुल गांधी के साथ हुई मुलाकात में प्रदेश संगठन से लेकर विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की। पांच राज्यों में चल रहे चुनाव को लेकर उन्होंने बताया कि भाजपा को लेकर पूरे देश में जनता नाराज है। महंगाई चरम पर है और बेरोजगार बढ़ रही है। भाजपा के वादों की हकीकत सबके सामने आ गई है। यही वजह है कि भाजपा में पलायन का दौर भी शुरू हो गया है। संगठन ने मध्य प्रदेश में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। एक फरवरी को वे देवास से प्रदेशव्यापी घर-घर चलो अभियान प्रारंभ करने जा रहे हैं। इसमें सभी वरिष्ठ नेता, विधायक और पदाधिकारी शामिल होंगे और जनता से सीधा संवाद करेंगे। सदस्यता अभियान को भी इस दौरान गति दी जाएगी। संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठ और विभागों में नियुक्तियां करके उन्हें भी सक्रिय किया गया है। इसी क्रम में हाल ही में कांग्रेस महिला मोर्चा सहित अन्य अनुसांगिक संगठनों में कांग्रेस ने नियुक्तियां भी की है।
मप्र कांग्रेस का घर-घर चलो अभियान एक फरवरी से
मंगलवार, फ़रवरी 01, 2022
0
Tags
Please do not enter any spam link in the comment box.