![](https://pradeshlive.com/uploads/news/202201/index-244.jpg)
वल नगर इलाके में कैंची से गला रेतकर की गई अधेड़ उम्र की महिला तारा बोध की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में गाजियाबाद के लोनी के रहने वाले चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान अमन, वैभव, आकाश व मनीष के रूप में हुई है। अमन की लोनी में स्कूल ड्रेस सिलाई की फैक्ट्री है, वह महिला के यहां से सिलाई के लिए कपड़ा लेकर जाता था। अमन आर्थिक तंगी का सामना कर रहा था। इस तंगी को दूर करने के लिए उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर महिला और उसके परिवार को लूटने की साजिश रची। उसी कड़ी में उसने महिला की हत्या की और उसके गहने लूट लिए। इसी तरह से अमन और आकाश ने लोनी में भी एक बुजुर्ग महिला की हत्या की थी, इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने उस वारदात को भी सुलझा लिया है।
जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि तारा जौहरीपुर में रहती थी। इनके परिवार का स्कूल ड्रेस की सिलाई का काम है। घर के बराबर वाले मकान में परिवार ने फैक्ट्री व गोदाम बनाया हुआ है। सोमवार शाम को गोदाम में तारा का शव खून से लथपथ मिला था। कैंची से गला रेतने के अलावा पत्थर से सिर पर वार किया गया था। पुलिस को जांच में पता चला कि अमन महिला के परिवार की फैक्ट्री से ठेके पर कपड़ा लेकर अपनी फैक्ट्री में ड्रेस की सिलाई करता था। वह काम के सिलसिले में सोमवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ महिला के घर पर आया था। पुलिस ने एसीपी राजेश दहिया, थानाध्यक्ष उपेंद्र सोलंकी व अन्य की टीम बनाई। पुलिस ने अमन के घर पर छापेमारी की तो वह फरार मिला। इस बीच पुलिस को पता चला इस वारदात में वैभव, आकाश व मनीष भी शामिल हैं। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस के जरिये मनीष व अमन को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। बाद में वैभव व आकाश को लोनी गोल चक्कर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से महिला के गहने बरामद कर लिए हैं।
Please do not enter any spam link in the comment box.